ओमान के पास भारतीय नाविकों वाले तीसरे जहाज में आग लगी. ओमान में भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि की और कहा कि वे स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और आगे की जानकारी के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ तालमेल बिठा रहे हैं.जानकारी के मुताबिक, ओमान तट के पास शाहिद पोर्ट के पास भारतीय क्रू वाले एक जहाज़ पर आग लगने की एक और घटना की खबर है. फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया के अनुसार, MT जलवीर नाम के इस जहाज पर 20 क्रू सदस्य सवार हैं. इस हफ्ते ओमान के पास भारतीय क्रू वाले जहाज पर हमले की यह तीसरी घटना है.
We have learnt of an incident involving a vessel off Shinas port of Oman, earlier today . We are closely monitoring the situation and coordinating with the local authorities for further details.
— India in Oman (Embassy of India, Muscat) (@Indemb_Muscat) June 11, 2026
दूतावास ने X पर एक पोस्ट में कहा, हमें आज ओमान के शिनास पोर्ट के पास एक जहाज़ से जुड़ी घटना के बारे में पता चला है. हम इस बारे में स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं और जानकारी जुटा रहे हैं. ईरान की मेहर समाचार एजेंसी के अनुसार, 20 क्रू सदस्यों में से पांच को वहां से गुजर रहे जहाजों ने बचाया और ओमान पहुंचाया.
ओमान के पास भारतीय क्रू वाले तीसरे जहाज MT जलवीर पर हुआ हमला हाल के दिनों में तीसरा ऐसा अटैक है. ओमान के पास अमेरिकी सेना के हमले में पलाऊ के झंडे वाले तेल टैंकर 'सेटेबेलो' के तीन भारतीय क्रू सदस्य लापता हो गए थे. जिनकी मौत की बाद में पुष्टि हो गई थी.अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने ईरान की नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे एक टैंकर पर गोलीबारी की थी. सोमवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के दक्षिण में 24 भारतीय नाविकों को ले जा रहे MT मैरिवेक्स पर हमले के बाद उसमें आग लग गई थी.
मध्य पूर्व में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया भर में ईंधन की सप्लाई के लिए एक अहम समुद्री रास्ता है. मध्य पूर्व में युद्ध शुरू होने के बाद से लगभग पूरी तरह से बंद है. यह युद्ध फरवरी के आखिर में ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के हमलों के साथ शुरू हुआ था. हाल के हफ्तों में लागू नाज़ुक युद्धविराम के दौरान हुई बातचीत से इस रास्ते को फिर से खोलने के लिए कोई समझौता नहीं हो पाया है. जहां एक तरफ़ ईरान ने युद्ध शुरू होने के बाद से ही इस समुद्री रास्ते की नाकेबंदी कर रखी है. वहीं दूसरी तरफ़ अमेरिका ने भी अप्रैल से अपनी नाकेबंदी लागू कर रखी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं