- उदयपुर से जयपुर, आगरा कैंट जाने वाली दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन 15 फरवरी से होगा बंद
- यात्रियों की संख्या कम होने और कम स्टॉपेज के कारण इन दोनों वंदे भारत ट्रेनों की सेवाएं बंद करने की वजह बताई
- रेलवे ने उदयपुर और असरवा (अहमदाबाद) के बीच एक नई वंदे भारत ट्रेन चलाने का निर्णय लेकर यात्रियों को राहत दी
रेलवे ने राजस्थान के उदयपुर से जयपुर और आगरा कैंट जाने वाली दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन बंद करने का फैसला किया है. आगामी 15 फरवरी से दोनों वंदे भारत ट्रेन की सेवाएं बंद हो जाएंगी. उदयपुरवालों के लिए ये बड़ा झटका है. अचानक लिए फैसले पर रेलवे ने इसके पीछे का कारण भी बताया है. हालांकि रेलवे ने एक राहत भी दी है. इन दोनों ट्रेनों की जगह एक नई वंदे भारत ट्रेन चलाने का फैसला किया है.
एक नई वंदे भारत ट्रेन चलेगी
रेल मंत्रालय ने हालांकि राहत देते हुए दोनों ट्रेनों की जगह एक नई वंदे भारत ट्रेन चलाने का फैसला किया है. उदयपुर–असरवा (अहमदाबाद) के बीच नई वंदे भारत ट्रेन सेवा शुरू होगी. मंत्रालय ने उदयपुर और असरवा (अहमदाबाद) के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा को मंजूरी दे दी है. इस सेवा के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा और अधिक तेज,आरामदायक और सुविधाजनक होगी.
देख लीजिए पूरा टाइम टेबल
यह नई वंदे भारत ट्रेन 26963 उदयपुर असरवा वंदे भारत एक्सप्रेस उदयपुर सिटी से सुबह 6:10 बजे चलेगी. ट्रेन जवार,डूंगरपुर, हिम्मतनगर होते हुए उसी दिन सुबह 10:25 पर असरवा पहुंचेगी.26964 असरवा उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस शाम 5:45 बजे चलेगी और रात 10:00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी.ट्रेन मंगलवार को छोड़कर 6 दिन चलेगी.
क्यों बंद हो गईं दोनों वंदे भारत ट्रेनें?
इंडियन रेलवे ने बताया कि 20979/20980 उदयपुर–जयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस और 20981/20982 उदयपुर–आगरा कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवाएं 15 फरवरी से बंद कर दी जाएंगी. रेलवे से जुड़े आधिकारिक सूत्रों के अनुसार,यात्रियों की संख्या कम होना ट्रेन को बंद करने का एक मुख्य कारण था. रास्ते में कम स्टॉपेज होने से बीच के शहरों के यात्रियों को लाभ नहीं मिल पाया,जिससे सवारी और घट गई.फिलहाल रेलवे हर रूट पर ट्रेनों की कार्यप्रणाली और यात्री संख्या की समीक्षा कर रहा है.जिन रूटों पर मांग कम पाई जा रही है,वहां सेवाओं को दोबारा व्यवस्थित किया जा रहा है या बंद किया जा रहा है. बता दें कि उदयपुर से जयपुर और आगरा कैंट जाने वालीं यह दोनों ट्रेन हफ्ते में तीन-तीन दिन संचालित होती थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं