- हरियाणा के हिसार में एक व्यक्ति ने शादी का झांसे देकर ऑनलाइन फर्जी प्रोफाइल बनाकर लड़की से ठगी की
- आरोपी ने सेना अधिकारी होने का दिखावा करने के लिए चंडीगढ़ से आर्मी की वर्दी भी खरीदी थी
- पुलिस ने आरोपी को अंबाला-हिसार हाईवे पर रूटीन नाकाबंदी के दौरान पकड़कर पीड़िता के परिजनों से पहचान करवाई
कई बार ये सुनने को मिलता है कि शादी के लिए लड़केवालों ने झूठ बोल दिया और दुल्हन पक्ष को बढ़ा-चढ़ाकर बता दिया. लेकिन क्या कभी शादी की आड़ में ठगी की बात सुनी है. ऐसा ममाला हरियाणा के हिसार से उजागर हुआ है. यहां पर एक शख्स ने Shaadi.com जैसी नामी ऑनलाइन मेट्रिमोनियल साइट पर खुद का एक फर्जी प्रोफाइल बनाया. मेहरराज उद दिन हजाम ने निशांत सहारन के नाम से फेक प्रोफाइल बनाकर खुद को एक आर्मी ऑफिसर बताकर एक लड़की को अपने झांसे में ले लिया.
उसने शादी का झांसा देकर लड़की से 30 हजार रुपये ऐंठ लिए. आरोपी इतना शातिर था कि अपनी फर्जी पहचान को सच दिखाने के लिए उसने चंडीगढ़ से आर्मी की वर्दी भी खरीद ली, ताकि लोग उसे सच में सेना का अधिकारी समझें. हरियाणा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर दबोचा.
जम्मू-कश्मीर के शख्स ने हिसार की महिला से की ठगी
पुलिस की पूछताछ में शातिर आरोपी ने खुद बताया कि लड़की को फंसाकर उसने किस तरह से बड़ी रकम वसूली. हिसार के पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए थाना आज़ाद नगर जांचकर्ता PSI सुनील ने ठगी करने वाले शातिर आरोपी को धर दबोचा. आरोपी मेहरराज उद दिन हजाम जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के अवनीपुरा का रहने वाला है.
पुलिस के हत्थे ऐसे चढ़ा आरोपी
आरोपी पुलिस के हत्थे 3 अप्रैल को तब चढ़ा जब वह अंबाला-हिसार हाईवे के रास्ते हिसार की ओर आ रहा था. कैथल पुलिस ने तितरम मोड़ पर की गई रूटीन नाकाबंदी के दौरान उसकी गाड़ी को रोक लिया. पूछताछ में उसने गलती से अपना असली नाम बता दिया. शक होने पर पुलिस ने उसे पकड़कर पीड़िता के परिजनों से उसकी पहचान करवाई. जिसके बाद एक पल में उसकी असलियत सबके सामने आ गई. जिसके बाद लड़की के परिवार ने थाना आज़ाद नगर, हिसार में आरोपी के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज करवाया.
काम नहीं मिला तो चुना ठगी का रास्ता
आरोपी मेहरराज साल 2021 से 2023 तक चंडीगढ़ में वेटर का काम करता था. 2025 में काम न मिलने की वजह से उसने ठगी का रास्ता चुना. इस मामले में थाना आजाद नगर, हिसार में संबंधित धाराओं के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. अदालत ने सोमवार को पेशी के बाद उसे 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया, ताकि गहन पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों का पता लगाया जा सके.
लोगों से पुलिस की अपील
हिसार पुलिस आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऑनलाइन वैवाहिक साइटों पर मिलने वाले किसी भी व्यक्ति पर बिना पूर्ण सत्यापन के विश्वास न करें. अपनी निजी जानकारी और पैसे शेयर करने से पहले सामने वाले व्यक्ति की पहचान की अच्छी तरह जांच जरूर कर लें.
ये भी पढ़ें- केरल के थाने Vs झारखंड के थाने, सुप्रीम कोर्ट क्यों कह रहा दक्षिण के इस राज्य से सीखो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं