Dog Attack Se Kaise Bachen: विश्व स्वास्थ्य दिवस पर हम अक्सर बीमारियों और डाइट की बात करते हैं. लेकिन आज एक ऐसी खबर ने दिल दहला दिया जो किसी की भी जान पर बन सकती है. गुजरात के द्वारका में एक बच्चे को कुत्तों ने नोंच-नोंचकर मार डाला. एक हेल्थ जर्नलिस्ट होने के नाते और पिछले 25 सालों से कुत्तों, बिल्लियों और पक्षियों के साथ रहने के अनुभव के आधार पर मैं यह कह सकती हूं कि ऐसी घटनाओं को काफी हद तक टाला जा सकता है. अगर हम कुत्तों के मनोविज्ञान और उनके हमले के वक्त किए जाने वाले बचाव (Dog Attack Safety Tips) को समझ लें, तो जान बचाई जा सकती है.
तो सोचा क्यों न आज मैं आपके साथ कुछ ऐसे टिप्स साझा करूं जो कुत्तों का हमला होने पर काफी मददगार साबित हो सकते हैं.
Dog Attack से घबराएं नहीं: कुत्तों के घेरने पर खुद को कैसे बचाएं | Dog Attack Safety Tips
खतरे को भांपना और बचाव की शुरुआत
सबसे पहले तो इस बात का ध्यान रखें कि अगर आप कुत्तों से डरते हैं, तो उस दिशा में आगे ही न बढ़ें, जिधर कुत्ते हैं. क्योंकि अपने इतने सालों के अनुभव में मैंने यह तो देखा है कि अक्सर समझ पर डर भारी पड़ जाता है. इसलिए उस रास्ते से बचें. वो कहते हैं न इलाज से बेहतर है बचाव. तो पहले अपना बचाव करें.
अगर एक कुत्ता हो तो क्या करें?
अगर आपकी तरफ एक कुत्ते ने हमला किया है, तो आप ये एक्शन लें -
- भागें नहीं: कुत्तों को भागना, उछलकूद करना बहुत पसंद है. ये उनके हमला करने के तरीके में भी शामिल है. वे सुस्त और शांत रहकर कम ही हमला करते हैं. ऐसे में अगर आप भागने लगते हैं तो यह उन्हें हमला करने के लिए और उकसा सकता है.
- डरें नहीं: अब जब आप भाग नहीं रहे हैं और आपकी तरफ हमला करने आया कुत्ता आपके पास या ठीक सामने या पीछे है, तो क्यों न कुछ कर ही लिया जाए. तो कुछ करने के लिए सबसे पहला काम जो आपको करना होगा वह यह कि आपको अपने डर पर कंट्रोल करना होगा. कुत्ते आपके डर को भांप सकते हैं और जब वे यह जान लेते हैं कि आप कमजोर हैं, तो हमला होने की संभावना और बढ़ जाती है.
- पीछे नहीं हटें: आप भागे नहीं, बहुत बढ़िया, दूसरी बात कि आप अब डर भी कम रहे हैं. अब तीसरी और अहम बात कि अक्सर ऐसे में हम धीरे-धीरे पीछे हटना शुरू कर देते हैं. ऐसा न करें. रुक जाएं और उसकी आंखों में देखें: पीछे हटने की बजाए रुक कर कुत्ते की आंखों में देखें. उसे हल्का और प्यार से डांटने की कोशिश करें.
- कुत्ते की बॉडी लैंग्वेज को समझना : अगर कुत्ते के कान सीधे हैं और पूंछ टांगों के बीच दबी है, तो समझिये वह डरा हुआ है. वह सिर्फ अपने बचाव में भौंक रहा है. उसे पुचकार कर या नजरअंदाज कर आप धीरे से निकल सकते हैं. लेकिन अगर उसके पीठ के बाल खड़े हैं, दांत दिख रहे हैं और पूंछ ऊपर की ओर तनी है, तो वह हमला करने की फिराक में है. यहां आपको ज्यादा सतर्क होने की जरूरत है.

Stray dog attack Ahilyanagar
अगर कुत्ता हमला कर दे तो क्या करें?
हमले के वक्त जबड़ा लॉक करने की तकनीक अपनाएं. अगर कुत्ता हमला कर दे और मांस न छोड़ने की कोशिश करे, तो उसके जबड़े को लॉक करना सबसे कारगर तरीका है. इसके लिए हिम्मत चाहिए. कुत्ते की नाक के ऊपर से उसके जबड़े के पिछले हिस्से को मजबूती से दबाएं. उसके दोनों जबड़ों के बीच अपनी उंगलियां मजबूती से फंसा दें. वह पीछे के दांतों से काट नहीं पाता और वहा गैप होने के चलते उसे आगे की पकड़ छोड़नी पड़ जाती है. साथ ही अपने दूसरे हाथ से उसके आगे के दोनों पैरों को काबू में करने की कोशिश करें. ऐसा करने से कुत्ता असहाय महसूस करने लगता है और वह अपनी पकड़ ढीली कर देता है. और आप मदद आने तक खुद को या किसी और को बचा सकते हैं.
अगर कुत्तों का पूरा झुंड घेर ले तो क्या करें?
झुंड में कुत्ते ज्यादा आक्रामक होते हैं. ऐसी स्थिति में घबराहट सबसे बड़ी दुश्मन है.
- दीवार या किसी पेड़ का सहारा लें. अपनी पीठ को किसी ठोस चीज से सटा लें ताकि कुत्ते पीछे से हमला न कर सकें.
- चीजें उनके सामने फेंकें. अगर आपके पास बैग, बोतल या छाता है, तो उसे कुत्तों की तरफ फेंक दें या उनके सामने रखें. वे अक्सर उस चीज को काटने में उलझ जाते हैं और आपको थोड़ा समय मिल जाता है.
- मदद के लिए चिल्लाएं. बिना भागे जोर से शोर मचाएं ताकि आसपास के लोग आपकी मदद को आएं.
- नीचे न गिरें. कोशिश करें कि आप खड़े रहें. अगर आप जमीन पर गिर जाते हैं, तो कुत्ते गर्दन और चेहरे पर हमला कर सकते हैं. अगर गिर जाएं तो अपने सिर और गर्दन को हाथों से कवर कर लें.
कुत्तों का हमला डरा सकता है, लेकिन सही जानकारी और सूझबूझ से आप अपनी और दूसरों की जान बचा सकते हैं. बच्चों को भी कुत्तों की बॉडी लैंग्वेज के बारे में जरूर सिखाएं ताकि वे सुरक्षित रह सकें.
संदर्भ
गुजरात के द्वारका में बच्चे को कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला, लोगों में दहशत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं