- गुरुग्राम नगर निगम ने शहर के सभी सार्वजनिक स्थानों को नो स्मोकिंग जोन घोषित कर धूम्रपान पर प्रतिबंध लगाया है.
- सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने पर COTPA एक्ट के तहत दो सौ रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है.
- बाजार, पार्क, बस स्टैंड, सामुदायिक केंद्र, लाइब्रेरी और सार्वजनिक शौचालय परिसर इस आदेश के तहत शामिल हैं.
गुरुग्राम में अब पार्कों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट या बीड़ी पीना महंगा पड़ सकता है. नगर निगम ने शहर के सभी सार्वजनिक स्थलों को नो स्मोकिंग जोन घोषित कर दिया है. निगम आयुक्त के आदेश के बाद यह नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते पाए जाने पर COTPA एक्ट 2003 के तहत 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. हालांकि शहरवासियों ने इस फैसले का स्वागत किया है, लेकिन साथ ही नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग भी की है.
नगर निगम के आदेश के दायरे में बाजार, बस स्टैंड, बस स्टॉप, पार्क, ग्रीन बेल्ट, खेल मैदान और सार्वजनिक परिवहन के साधन शामिल हैं. इसके अलावा नगर निगम कार्यालय, सामुदायिक केंद्र, लाइब्रेरी, डिस्पेंसरी, पार्किंग स्थल और सार्वजनिक शौचालय परिसरों में भी धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट-बीड़ी के टुकड़े फेंकने और तंबाकू खाकर थूकने वालों पर भी जुर्माना लगाया जा सकता है.
नगर निगम ने संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर 'नो स्मोकिंग जोन' के सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमों के पालन की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है. शहर के लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से आसपास मौजूद लोगों, खासकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी होती है. उनका मानना है कि यह फैसला शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में अच्छा कदम है, लेकिन इसका वास्तविक असर तभी दिखाई देगा जब नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा.
नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों को धूम्रपान मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया गया है. उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने या गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आदेश जारी हो चुका है, लेकिन इसकी सफलता अब प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करेगी.
मनोज वशिष्ठ की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें : '53 गेंद, 28 छक्के, 204 रन', 385 के स्ट्राइक रेट से वैभव सूर्यवंशी के दोहरा शतक ने पलट दिया क्रिकेट का इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं