- अमेरिकामें गैंगस्टर भानु राणा की हत्या की खबर सामने आई है, जिसकी पुष्टि अभी आधिकारिक रूप से नहीं हुई है
- सोशल मीडिया में दावा किया गया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने भानु राणा की हत्या करवाई है
- पोस्ट में कहा गया कि भानु राणा देश के खिलाफ गतिविधियों में शामिल था और उसे मारने की धमकी एक साल पहले दी गई थी
अमेरिका के कैलिफोर्निया में गैंगस्टर भानु राणा की हत्या कर दी गई है. 'सरपंच बॉस' नाम के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से फेसबुक पर आए पोस्ट में कहा गया है कि इस मर्डर के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है. इस सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया है कि सरपंच यूरोप, साहिल दुहान (हिसार) और बिश्नोई गैंग ने मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया है. साथ ही कहा गया है कि भानु राणा देश के साथ गद्दारी कर रहा था.
'एक साल पहले बोला था मार डालेंगे'
'सरपंच बॉस' के फेसबुक पोस्ट में कहा गया है, "यह जो देशद्रोही भानु राणा (कैलिफ़ोर्निया, USA) में मारा गया है, इसे मैंने (सरपंच यूरोप), साहिल दुहान (हिसार) और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मरवाया है. आज से ठीक एक साल पहले हमने पोस्ट डालकर लिखा था कि हम इसे मरवा देंगे और लॉरेंस भाई ने साफ-साफ कहा है कि जो भी देश के खिलाफ जाएगा, वह मारा जाएगा. चाहे वह दुनिया के किसी भी कोने में छिप जाए."
'धरती के 10 फीट नीचे दफना दिया जाएगा...'
सोशल मीडिया पोस्ट में आगे लिखा गया है, "और जो यह देशद्रोही और रेपिस्ट रोहित गोदारा आतंकवादियों को देश की मुखबरी कर रहा है, उसे भी भानु राणा की तरह मारकर धरती के 10 फीट नीचे दफना दिया जाएगा. लाश भी बरामद नहीं होगी. जो भी देश के दुश्मनों का साथ देगा, वह तैयार रहे, मौत कभी भी आ सकती है. जो यह गोल्डी ढिल्लों है, इसका अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई लेना-देना नहीं है, क्योंकि यह अब ड्रग्स का काम करता है और देश की मुखबरी करने लगा है. सभी भाई इससे बचकर रहें... सलाम शहीदों को!"
ये भी पढ़ें :- हवाला के पैसों से बनी थी रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की प्लानिंग, गोलू पंडित को लॉरेंस ने कहा था-मुंह बंद रखना
भानु राणा जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट में था शामिल
भानु राणा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात गैंगस्टर रहा है, जो हरियाणा के करनाल का रहने वाला है. उसे नवंबर 2025 में अमेरिका में पकड़ा गया था. खबर थी कि उसे भारतीय एजेंसियां भारत लाने की प्रक्रिया में जुटी हुई हैं. हालांकि, इस बीच में दावा किया जा रहा है कि भानु राणा की हत्या कर दी गई है. हालांकि, भानु राणा की हत्या की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.
भानु राणा पर हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में हत्या, जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं. पंजाब में हुए एक ग्रेनेड हमले की जांच में उसका नाम सामने आया था. जून 2025 में करनाल में पकड़े गए उसके गुर्गों ने माना था कि वे राणा के निर्देशों पर काम कर रहे थे.
ये भी पढ़ें :- कनाडा में नहीं थम रही गोलीबारी; अब कार शोरूम पर चली गोलियां, लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं