विज्ञापन

खान सर के कोचिंग सेंटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग! बोले शिक्षक- 'कुछ लोगों को गरीबों के पढ़ने से दिक्कत'

Khan Sir Coaching Centre Firing : खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर 5-6 राउंड फायरिंग हुई. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है.

खान सर के कोचिंग सेंटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग! बोले शिक्षक- 'कुछ लोगों को गरीबों के पढ़ने से दिक्कत'
  • पटना के मुसल्लहपुर थाना क्षेत्र में शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर फायरिंग की घटना हुई है.
  • हमलावरों ने लगभग पांच से छह राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया.
  • घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.
क्या हमारी की समरी आपके लिए उपयोगी रही ?
हमें बताएं

Khan Sir Coaching Centre Firing : पटना के मुसल्लहपुर थाना क्षेत्र स्थित चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, करीब 5 से 6 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. पुलिस अब हमलावरों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की तैयारी में जुटी है.

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल फैल गया. सूचना मिलते ही मुसल्लहपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, साथ ही फुटपाथी दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है. थाना अध्यक्ष ने कहा है कि गोली चलने की घटना की पुष्टि की जा रही है. फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है.

खान सर ने बताया कि क्लास खत्म हो चुकी थी और हाल ही में बिहार पुलिस का रिजल्ट आने के कारण बड़ी संख्या में छात्र सफल हुए थे. इसी वजह से संस्थान में हजारों छात्रों को सम्मानित किया गया, जिससे सभी लोग काफी थके हुए थे. इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंचे और कोचिंग को दो दिन के भीतर उड़ा देने की धमकी देने लगे. उन्होंने गार्ड पर भी हमला किया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है.

खान सर ने आगे कहा कि यह हमला करने वाले असामाजिक तत्व ही हैं, जिन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को भी धमकाया. उनका कहना है कि कुछ लोगों को यह आपत्ति है कि इतनी कम फीस में बड़ी संख्या में छात्रों को पढ़ाया जा रहा है और अच्छे रिजल्ट दिए जा रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कोचिंग संस्थान की सुरक्षा बढ़ाई जाए, क्योंकि गरीब और साधारण परिवार के छात्रों को भी शिक्षा पाने का पूरा अधिकार है. खान सर का कहना है कि जब बड़ी संख्या में छात्र सफल होते हैं, तो ऐसे असामाजिक तत्व इस उपलब्धि को दबाने की कोशिश करते हैं.

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब खान सर के संस्थान के आसपास किसी आपराधिक घटना की चर्चा हुई हो. इससे पहले 10 मई 2019 को उनके कोचिंग सेंटर को निशाना बनाकर देसी बम से हमला किया गया था. उस समय सुबह करीब 10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान जीएस रिसर्च सेंटर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने लगातार दो देसी बम फेंके थे.

उस हमले में कोचिंग संस्थान के कार्यालय के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा था, जबकि बाहर खड़ी एक छात्र की स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी. हालांकि उस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी. खान सर ने विभिन्न मंचों पर यह दावा किया था कि बेहद कम फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के कारण कुछ स्थानीय कोचिंग माफिया और असामाजिक तत्व उनसे नाराज थे और उनके संस्थान को बंद कराने की कोशिश कर रहे थे.

बता दें कि खान सर बिहार की राजधानी पटना के बेहद लोकप्रिय शिक्षक और यूट्यूबर हैं. अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म 'खान जीएस रिसर्च सेंटर' के माध्यम से वे देशभर के लाखों छात्रों को कम लागत में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए जाने जाते हैं. फिलहाल ताजा फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस जांच जारी है.

ये भी पढ़ें : ममता की तृणमूल कांग्रेस में टूट... क्या बंगाल दोहराएगा महाराष्ट्र का शिवसेना-NCP मॉडल?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com