Patna Murder Case: बिहार की राजधानी पटना में 14 मई को देर शाम ब्लैक आउट के दौरान मसाला व्यवसायी पिंटू कुमार की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने 16 साल के एक नाबालिग शूटर को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की पूरी साजिश जेल में बंद अपराधी बिका उर्फ विकास ने रची थी.
इलाके में ब्लैक आउट कर की गई थी हत्या
मृतक पिंटू कुमार (25) की हत्या उस वक्त की गई थी जब इलाके में ब्लैक आउट हुआ था. अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी नाबालिग PMCH के फोर्थ ग्रेड कर्मचारी का बेटा है और उसका सीधा संपर्क जेल में बंद बिका उर्फ विकास से था.
15 दिन पहले जेल में विकास से मिलकर रची थी साजिश
पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि करीब 15 दिन पहले नाबालिग बेऊर जेल में विकास से मिलने गया था. वहीं पर पिंटू की हत्या की साजिश तैयार हुई. नाबालिग ने विकास को बताया था कि पिंटू अब संजय गोप के साथ मिलकर शराब का कारोबार कर रहा है, जिससे पुराने गिरोह को नुकसान हो रहा है. इसी बात से नाराज होकर विकास ने पिंटू की हत्या कराने का फैसला लिया.
15 दिनों से पिंटू की कर था रेकी
पुलिस के मुताबिक, विकास ने नाबालिग को हत्या के लिए 10 हजार रुपए दिए थे. लालच में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया. जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार नाबालिग पिछले 15 दिनों से पिंटू की रेकी कर रहा था. वह पिंटू की दुकान के सामने मजदूरी का काम कर रहा था ताकि किसी को उस पर शक न हो और सही मौके का इंतजार कर सके.
साइलेंसर लगी पिस्टल से मारी गोली
घटना वाले दिन यानी 14 मई को आरोपी पहले से हथियार लेकर तैयार था. पुलिस के अनुसार, उसने पिस्टल में साइलेंसर लगाया हुआ था. जैसे ही इलाके में बिजली काटी गई, उसने अंधेरे का फायदा उठाकर पिंटू को गोली मार दी. ब्लैक आउट होने की वजह से आसपास मौजूद लोगों को तुरंत समझ नहीं आया कि गोली किसने चलाई.
बिजली गुल होने के कारण सीसीटीवी कैमरे थे बंद
इतना ही नहीं, बिजली नहीं रहने के कारण इलाके के सीसीटीवी कैमरे भी बंद हो गए थे, जिससे वारदात की रिकॉर्डिंग नहीं हो सकी. यही वजह रही कि शुरुआती जांच में पुलिस को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
कुल तीन लोगों की मिलीभगत आई सामने
पुलिस ने बताया कि इस हत्या में कुल तीन लोगों की मिलीभगत सामने आई है. मुख्य आरोपी बिका उर्फ विकास पहले से सोनू हत्याकांड में जेल में बंद है. इसी साल 26 फरवरी को उसे गिरफ्तार किया गया था. जेल जाने से पहले वह शराब के अवैध कारोबार में सक्रिय था और पिंटू भी उसके साथ काम करता था, लेकिन विकास के जेल जाने के बाद पिंटू ने संजय गोप के साथ कारोबार शुरू कर दिया था, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया.
जांच में शिवम नाम के आरोपी का नाम भी सामने आया है.पुलिस के अनुसार, उसी ने नाबालिग को हथियार और पैसे उपलब्ध कराए थे. वारदात के बाद से शिवम फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए STF और DIU की टीम भी स्काई शिवम की तलाश में जुट गई है. पुलिस अब जेल में बंद विकास को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क और हत्या की साजिश से जुड़े बाकी लोगों का पता लगाया जा सके.
यह भी पढ़ें: Bihar: 8वीं के छात्र को बंधक बना जूतों की माला पहनाई, कपड़े उतरवाकर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं