विज्ञापन

200-300 रुपये लेकर भर देते थे CNG? दिल्ली ब्लास्ट के बाद स्थानीय लोगों ने उठाए गंभीर सवाल

दिल्ली CNG ब्लास्ट के बाद सुरक्षा नियमों के पालन और वाहन जांच प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों ने पंप मालिक पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं.

200-300 रुपये लेकर भर देते थे CNG? दिल्ली ब्लास्ट के बाद स्थानीय लोगों ने उठाए गंभीर सवाल
CNG पंप पर मौत का धमाका, चश्मदीदों ने बताई खौफनाक कहानी
NDTV
  • दिल्ली के टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास सीएनजी पंप पर सिलेंडर ब्लास्ट में तीन कर्मचारियों की मौके पर मौत हुई
  • धमाके में छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है
  • स्थानीय निवासियों ने पंप पर नियमों की अनदेखी और बिना चेकिंग गैस भरने की शिकायत की है

राजधानी दिल्ली के टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार दोपहर करीब 3:20 बजे सीएनजी पंप पर एक दर्दनाक हादसा हो गया. एक ट्रक में गैस भरते समय उसका सीएनजी सिलेंडर अचानक धमाके के साथ फट गया. दिल्ली पुलिस के मुताबिक हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से 3 कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही आउटर डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी, एसीपी और मुंडका थाना प्रभारी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

टिकरी कलां CNG सिलेंडर ब्लॉस्ट के तुरंत बाद का Exclusive वीडियो भी NDTV के हाथ लगा है. इसमें साफ दिखाई दे रहा कि धमाका इतना जोरदार था कि IGL CNG पंप पर काम करने वाले एक व्यक्ति हाथ ही शरीर से उखड़ गया और शरीर से अलग जा गिरा. CNG सिलेंडर ब्लॉस्ट के बाद तीन कर्मचारी जो इसी पंप पर काम करते थे वो जमीन पर पड़े हैं. जमीन पर घायलों का खून बिखरा है.

हादसे में किस-किसने गंवाई जान?

मनीष (25 वर्ष) - पिता: संजय
ब्रह्मजीत (34 वर्ष) - पिता: रोहतास, निवासी: निज़ामपुर
सनी (30 वर्ष) - पिता: नरेश, निवासी: निज़ामपुर
(तीनों मृतक सीएनजी पंप के ही कर्मचारी थे।)

हादसे में घायल सुरजीत, संजय और विपिन को तुरंत मुंडका के सीडी ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

'परिवार का सहारा छिन गया, मुआवजा मिले' 

मृतक ब्रह्मजीत के भतीजे अमित ने NDTV से बात करते हुए बताया कि चाचा तीन साल से इस पंप पर 18-19 हजार की सैलरी पर 8 घंटे की ड्यूटी करते थे। उनके घर में छोटे-छोटे बच्चे (3 और 5 साल के बेटे), पत्नी और बीमार पिता हैं. ट्रक की सही से पासिंग और जांच नहीं होने की वजह से यह ब्लास्ट हुआ है. कंपनी (IGL) की तरफ से हमारे परिवार  को मुआवजा मिलना चाहिए.

'200-300 रुपये लेकर बिना चेकिंग भरते हैं गैस'

टिकरी कलां के लोगों से भी NDTV ने बात की.  स्थानीय निवासी उपेंद्र का कहना है कि पंप पर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सीएनजी पंप के कर्मचारी 200-300 रुपये लेकर बिना प्लेट चेक किए गाड़ियों में गैस भर देते हैं. यह सीधी-सीधी पंप मालिक की लापरवाही है, जो लोगों की जान से खिलवाड़ कर रही है.  वहीं गांव के रहने वाले गौरव कुमार ने बताया कि कई गाड़ियों में लिमिट से ज्यादा सिलेंडर लगे होते हैं (4 की जगह 8 सिलेंडर). गाड़ियों और सिलेंडरों की नियमित चेकिंग न होना ऐसे हादसों की बड़ी वजह बन रहा है.

Latest and Breaking News on NDTV

क्या कहता है सीएनजी सुरक्षा का नियम?

सरकारी मानकों (AIS-024/AIS-028) के अनुसार, सीएनजी भरवाते समय कम्प्लायंस प्लेट (Compliance Plate) की जांच करना अनिवार्य है.

  • कहां होनी चाहिए: यह प्लेट सीएनजी नोजल (Filling Connection) के ठीक पास ऐसी जगह लगी होनी चाहिए, जहां से गैस भरने वाले को साफ दिखाई दे.
  • क्या जानकारी होती है: इसमें सिलेंडर का नंबर, लगाने की तारीख, कुल क्षमता, आखिरी बार सिलेंडर की टेस्टिंग कब हुई थी और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज होता है.
  • बिना कम्प्लायंस प्लेट और हाइड्रो-टेस्टिंग की जांच किए गैस भरना गैर-कानूनी है और यह आपकी जान के लिए बेहद खतरनाक साबितहो सकता है.

फिलहाल इस सीएनजी सिलेंडर ब्लॉस्ट मामले में दिल्ली पुलिस जांच कर रही है कि इस घटना की वजह क्या रही और अब देखना होगा कि जो सवाल स्थानीय और गांव वाले उठा रहे हैं उस पर दिल्ली पुलिस क्या एक्शन लेती है?

यह भी पढ़ें: दिल्ली के CNG पंप पर ट्रक में सिलेंडर धमाका, तीन की मौत, कई घायल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Cng Blast, Delhi CNG Pump Blast, Delhi Blast, Delhi Blast Accused
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com