- अभिजीत दीपके को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान के अंदर हिरासत में लिया गया, जिससे उनके माता-पिता ने गंभीर सवाल उठाए
- अभिजीत के पिता ने कहा कि लोकतंत्र बचाने वाले छात्र को विमान के अंदर से ही गिरफ्तार करना, ऐसा पहली बार हुआ है
- अभिजीत की मां ने कहा कि विमान में गिरफ्तारी गलत है और सरकार के रवैये से उन्हें बहुत दुख हुआ है
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने को लेकर उनके माता-पिता ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं. एनडीटीवी से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्लेन में इस तरह की गिरफ्तारी गलत है. मेरे बच्चे ने क्या गुनाह किया था? अगर मेरे बेटे को कुछ हुआ तो सरकार को देख लेंगे.
पिता भगवान राव दीपके ने कहा कि भारत के इतिहास की ये पहली ऐसी घटना है, जिसमें लोकतंत्र बचाने की कोशिश कर रहे एक छात्र को विमान के अंदर से ही हिरासत में ले लिया गया. उन्होंने कहा कि आतंकी और रेपिस्ट नहीं पकड़े जाते हैं और सीधे इंसान को फौरन अरेस्ट कर लेते हैं. साथ ही उन्होंने अपने बेटे को संदेश भी दिया कि तुम्हें और तुम्हारे दोस्तों को हमारा पूरा समर्थन है, तुम लड़ते रहो.

अभिजीत की गिरफ्तारी की आशंका के बारे में पूछे जाने पर उनके पिता ने बताया कि वो घर से निकलते समय उन्हें बता गया था कि उसे गिरफ्तार किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि अब भारत में लोकतंत्र बचा है. उनका आरोप है कि जो लोग लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं, उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 'वन नेशन, वन पार्टी' की दिशा में आगे बढ़ना और दूसरी राजनीतिक पार्टियों को खत्म करना है.
अभिजीत को हिरासत में लिए जाने पर उनकी मां अनीता दीपके ने भी सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि मुझे टीवी और फोन कॉल से गिरफ्तारी का पता चला. बेटे ने मुझे टीवी-मोबाइल देखने से मना किया था, लेकिन मां का दिल नहीं माना. प्लेन में इस तरह अरेस्ट करना गलत है. मुझे बहुत बुरा लग रहा है. उसने ऐसा क्या बड़ा गुनाह किया था?

उन्होंने कहा कि सरकार ने यह बहुत गलत किया है. मेरे बच्चे को कुछ हुआ तो सरकार को देख लेंगे. देश के लिए काम करने वाले बच्चों को गिरफ्तार किया जा रहा है, जबकि अपराध करने वालों पर कार्रवाई नहीं होती. अभिजीत जब घर से जा रहा था, तब ही उसने आगाह किया था कि उसे गिरफ्तार किया जा सकता है.
मां ने भावुक होते हुए कहा कि बेटे को जाते समय उन्होंने रोते हुए विदा किया था, लेकिन अभिजीत ने उन्हें समझाया था कि रोओ मत, जो होगा अच्छे के लिए होगा. सरकार के रवैये पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात उन्हें अच्छे नहीं लग रहे हैं. सरकार ने उनके बेटे के साथ गलत किया है और इस कार्रवाई से उन्हें बहुत दुख पहुंचा है.
इसे भी पढ़ें: अभिजीत दीपके की दादी का निधन, दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं CJP नेता
इसे भी पढ़ें: अभिजीत दीपके, रांका और सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया, विमान के अंदर पहुंच गई पुलिस
इसे भी पढ़ें: मैं गिरफ्तार होने को तैयार, लेकिन लोकतंत्र बचाने के लिए लड़ता रहूंगा... दिल्ली रवाना होने से पहले बोले दीपके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं