- दिल्ली‑NCR में ट्रैफिक जाम कम करने और जेवर एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी के लिए नया एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे
- यह हाईवे लगभग 59 किलोमीटर लंबा होगा और छह लेन का हाई‑स्पीड कॉरिडोर होगा जिसकी लागत ₹4,463 करोड़ अनुमानित
- ये दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना को दिल्ली‑मुंबई एक्सप्रेसवे,जेवर एयरपोर्ट से जोड़ेगा
दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक एक बड़ी समस्या है. रोजाना ऑफिस जाने वाले लोगों के लिए तो जैसे जाम में फंसना एक आम बात है. असल परीक्षा तो तब होती है जब आपको एयरपोर्ट के लिए लेट हो रहा हो और आपके सामने किलोमीटरों लंबी लाइन लगी है. अब इस समस्या को दूर करने के लिए एक नया प्लान बन रहा है.ये न सिर्फ आपको जाम के झाम से बचाएगा बल्कि जेवर एयरपोर्ट तक सीधा और सुगम रास्ता भी देगा. दिल्ली‑NCR में ट्रैफिक जाम कम करने और जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर तेजी से काम हो रहा है. केंद्र सरकार और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) DND‑फरीदाबाद‑सोहना एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे और जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी कॉरिडोर पर काम तेज कर रहे हैं.
हाईवे की खासियत, क्या है प्लान?
यह हाईवे करीब 59 किलोमीटर लंबा होगा.इसमें 6‑लेन का हाई‑स्पीड एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर बनेगा और कुल लागत लगभग ₹4,463 करोड़ आंकी गई है. यह कॉरिडोर सीधे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना के साथ दिल्ली‑मुंबई एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट से भी जोड़ा जाएगा.
ट्रैफिक जाम से मुक्ति
अधिकारियों के अनुसार, यह प्रोजेक्ट दिल्ली‑NCR में ट्रैफिक जाम को काफी हद तक कम करेगा और यात्रियों के सफर का समय भी घटाएगा. फिलहाल,दिल्ली एयरपोर्ट की ओर जाने वाला भारी ट्रैफिक NH‑44 और धौला कुआं पर दबाव बढ़ाता है, लेकिन जेवर एयरपोर्ट के चालू होने और नए एक्सप्रेसवे नेटवर्क के बनने के बाद काफी संख्या में वाहन ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए सीधे एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे,
जिससे दिल्ली के अंदर ट्रैफिक दबाव कम होगा.

नया कॉरिडोर साउथ दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम से जेवर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सीधी और तेज कनेक्टिविटी देगा,जिससे नोएडा होकर जाने की आवश्यकता खत्म हो जाएगी.यह प्रोजेक्ट केंद्र सरकार की दिल्ली‑NCR क्षेत्र में जाम कम करने की करीब ₹1.25 लाख करोड़ की व्यापक योजना का हिस्सा है. इस योजना में कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट शामिल हैं:
➔दिल्ली‑अमृतसर‑कटरा एक्सप्रेसवे विस्तार
➔अर्बन एक्सटेंशन रोड‑II (UER‑II)
➔द्वारका एक्सप्रेसवे टनल
➔AIIMS‑महिपालपुर एलिवेटेड कॉरिडोर
➔कालिंदी कुंज इंटरचेंज
आगरा नहर पर बन रहा आर्च ब्रिज भी खास
DND‑फरीदाबाद‑सोहना कॉरिडोर की एक प्रमुख खासियत आगरा नहर पर बन रहा 140 मीटर लंबा नेटवर्क आर्च ब्रिज है.इसे दिल्ली‑NCR का पहला आधुनिक नेटवर्क आर्च ब्रिज बताया जा रहा है. यह ब्रिज बिना बीच के पिलर (intermediate pillars) के बनाया जा रहा है ताकि नहर का पानी बिना रुकावट बह सके. इसमें स्टील आर्च (steel arches), क्रॉस‑हेंगर सिस्टम (cross-hanger system) और एडवांस स्ट्रक्चरल तकनीक का उपयोग हो रहा है. इन आधुनिक तकनीकों की वजह से पुल की मजबूती (strength) बढ़ेगी और यह भूकंप जैसी परिस्थितियों में भी ज्यादा सुरक्षित (earthquake-resistant) रहेगा.
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम, रेवाड़ी, मानेसर-नीमराना से अलवर तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, दिल्ली NCR में रैपिड रेल का नया रूट, 22 स्टेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं