अरब सागर से उठा तूफान बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) गुजरात के तट से टकरा गया है. मौसम विभाग ने कहा है कि लैंडफॉल आधी रात तक जारी रहेगा. लैंडफॉल के साथ ही गुजरात में भारी बारिश हो रही है. तेज हवा चल रही है. मौसम विभाग ने तूफान के चलते सौराष्ट्र, द्वारका और कच्छ के समुद्री तट के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.गुजरात के 7 जिलों और 450 से अधिक गांवों में अलर्ट है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री से हालात का जायजा लिया है.
मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्र के मुताबिक मध्य रात्रि तक लैंडफॉल जारी रहेगा. गुजरात सरकार ने कच्छ-सौराष्ट्र में समुद्र तट के पास वाले 7 जिलों से करीब 1 लाख से अधिक लोगों को निकालकर शेल्टर होम भेजा है. गुजरात में NDRF की 19 टीमें तैनात हैं. तूफ़ान बिपरजॉय के चलते कच्छ, द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, मोरबी, राजकोट और जूनागढ़ में नुकसान की आशंका है. आज सौराष्ट्र और उत्तर गुजरात में भारी बारिश का अनुमान है. तूफान बिपरजॉय के चलते 9 राज्य भी अलर्ट पर हैं. इनमें गुजरात, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गोवा शामिल हैं.