देश में कोरोनावायरस (Coronavirus) के नए मामलों में गिरावट देखने को मिल रही है, लेकिन संक्रमण के कारण रोजाना होने वाली मौतों का आंकड़ा अभी चार हजार के ऊपर बना हुआ है, जो कि चिंता का विषय है. लगातार दूसरे दिन 4,000 से ज्यादा मौतें हुई है. इससे पहले, 20 मई को 3874 मरीजों की मौत हुई थी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 2,57,299 नए मामले दर्ज किए गए हैं. वहीं इस दौरान 4194 लोगों की मौत कोरोना के कारण हुई है. राहत की बात ये है कि इस अवधि में संक्रमण से मुक्त होने वालों की संख्या 3 लाख 57 हजार 630 है, जिसके कारण एक्टिव मरीजों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में इस वक्त कोरोना के कुल एक्टिव मरीज 29 लाख 23 हजार 400 हैं. यानी इतने मरीजों का अभी इलाज चल रहा है. देश में कोरोना संक्रमितों की कुल तादाद 2,62,89,290 हो गई है जबकि अब तक 2,95,525 लोग घातक वायरस की वजह से जान गंवा चुके हैं.
देश में टीकाकरण की बात की जाए तो अब तक कोविड-19 टीके की 19,33,72,819 खुराक लगाई गई हैं. इसमें बीते 24 घंटे में लगाई गईं 14,58,895 डोज भी शामिल है. पिछले 24 घंटे में 20,66,285 कोरोना टेस्ट हुए हैं, जो कि एक दिन में टेस्ट का सर्वाधिक आंकड़ा है.
Coronavirus Latest Updates in Hindi (Covid-19):