विज्ञापन
This Article is From Sep 20, 2024

फेमस ‘कोरियोग्राफर’ जानी मास्टर यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तार, पॉक्सो के तहत भी मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है.

फेमस ‘कोरियोग्राफर’ जानी मास्टर यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तार, पॉक्सो के तहत भी मामला दर्ज
पुलिस की गिरफ्त में जानी मास्टर

नेशनल पुरस्कार विजेता ‘कोरियोग्राफर' जानी मास्टर को पुलिस ने उनके साथ काम करने वाली एक महिला द्वारा यौन उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. जानी मास्टर का असली नाम शेख जानी है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि जानी मास्टर को गोवा में साइबराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया, जहां उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा.

जानी मास्टर पर लगा ये आरोप

अदालत से ‘ट्रांजिट वारंट' प्राप्त करने के बाद उन्हें हैदराबाद लाया जाएगा. महिला द्वारा आउटडोर शूटिंग के दौरान जानी मास्टर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने के बाद साइबराबाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया हैं. रायदुर्गम पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर एक ‘जीरो एफआईआर' दर्ज की और रविवार रात को इसे पीड़िता के थाना क्षेत्र नरसिंगी पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया.

जानी मास्टर की पत्नी ने आरोपों को नकारा

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मास्टर गिरफ्तारी से बचने के लिए होटल में ठहरे हुए थे, लेकिन वे उन्हें पकड़ने में कामयाब रहे. उन्हें शुक्रवार को हैदराबाद की एक अदालत में पेश किया जाएगा. मास्टर की पत्नी सुमालता उर्फ ​​आयशा, जो खुद भी कोरियोग्राफर हैं. उन्होंने कहा कि आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है और उन्होंने अपने पति के खिलाफ शिकायत के पीछे "बड़ी साजिश" का दावा किया. अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक मास्टर की पत्नी पर भी महिला ने परेशान करने का आरोप लगाया है, उसकी भी जांच की जाएगी. अधिकारियों ने कहा कि मास्टर की पत्नी की भी जांच की जाएगी क्योंकि शिकायतकर्ता ने उन पर गाली-गलौज और परेशान करने का आरोप लगाया है.

पॉक्सो के तहत मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है. इस बीच, ‘तेलुगु फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स' द्वारा गठित एक समिति ने भी जानी मास्टर के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच शुरू कर दी है. समिति के सदस्य तम्मारेड्डी भारद्वाज ने कहा कि समिति को पीड़िता से शिकायत प्राप्त होने की तिथि से 90 दिनों के भीतर इस मुद्दे पर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी.

फिल्म चैंबर द्वारा गठित यौन उत्पीड़न निवारण समिति के प्रमुख दामोदर प्रसाद ने कहा कि ‘तेलुगु फिल्म एंड टीवी डांसर्स एंड डांस डायरेक्टर्स एसोसिएशन' को एक पत्र भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि जानी मास्टर को तब तक अध्यक्ष पद का कार्यभार नहीं संभालने दिया जाए, जब तक कि वह सभी आरोपों से मुक्त नहीं हो जाते.

शिकायतकर्ता की सुरक्षा के लिए उठाया जाएगा कदम

तेलंगाना राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष नेरेल्ला शारदा ने बुधवार को कहा कि मामले में शिकायतकर्ता ने आयोग से संपर्क किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस सुरक्षा प्रदान करने के आदेश जारी किए जाएंगे. शारदा ने कहा कि आयोग, समिति की ओर से उन्हें आवश्यक सहायता भी प्रदान करेगा.

सियासत भी गरमाई

इस मुद्दे ने राजनीतिक रंग भी ले लिया और तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने एक बयान जारी कर कहा कि पार्टी इसे ‘‘लव जिहाद'' का मामला मानती है. पवन कल्याण के नेतृत्व वाली जन सेना पार्टी ने जानी मास्टर को उनके खिलाफ दर्ज मामले के मद्देनजर अपने कार्यक्रमों से दूर रहने को कहा है. जानी मास्टर ने हाल ही में हुए चुनावों में पार्टी के लिए प्रचार किया था.

(भाषा इनपुट्स के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Choreographer Jani Master, Jani Master Arrested In Sexual Harassment Case, Telugu Film Choreographer Jani Master Arrested
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com