- भारत में जनगणना कोविड के बाद हुए सामाजिक-आर्थिक बदलावों और माइग्रेशन के नए पैटर्न को समझने का माध्यम बनेगी.
- 2020 के लॉकडाउन में मेट्रो शहरों से मजदूरों का बड़े पैमाने पर गांवों और छोटे शहरों की ओर रिवर्स माइग्रेशन हुआ.
- टियर-2 और टियर-3 शहरों में स्थायी बसावट बढ़ी है और वे कम लागत, बेहतर कनेक्टिविटी और रोजगार के नए केंद्र बने.
भारत में इन दिनों जनगणना हो रही है. यह जनगणना सिर्फ आबादी की गिनती नहीं है, बल्कि यह उस 'अदृश्य बदलाव' को सामने लाने की कोशिशि है जिसने पिछले कुछ सालों में देश का सामाजिक-आर्थिक चेहरा बदल दिया है. खासकर कोविड के बाद, लोगों के रहने-काम करने के पैटर्न में जो बदलाव आया, उसने एक नया माइग्रेशन मैप बना दिया है. ऐसे में नया सवाल सिर्फ 'कितने लोग' नहीं, बल्कि 'कहां जा रहे हैं' भी बन चुका है.
कोविड के बाद बदला माइग्रेशन का गणित
2020 के लॉकडाउन ने भारत के इतिहास का सबसे बड़ा रिवर्स माइग्रेशन देखा. लाखों मजदूर और कर्मचारी मेट्रो शहरों से अपने गांवों और छोटे शहरों की ओर लौटे. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई.
बड़ी संख्या में लोग वापस मेट्रो सिटी में नहीं लौटे
टियर-2 और टियर-3 शहरों में स्थायी बसावट बढ़ी. वर्क फ्रॉम होम और डिजिटल इकोनॉमी ने लोकेशन की बाधा कम कर दी. अब माइग्रेशन सिर्फ मजबूरी नहीं, बल्कि चॉइस भी बन चुका है.
यह भी पढ़ें- जनगणना और आपकी जेब: आम आदमी पर क्या असर
छोटे शहरों का उभार vs मेट्रो का दबाव
नई जनगणना के डेटा से सबसे बड़ा ट्रेंड यही उभर सकता है.
1. टियर-2/3 शहरों का उभार
इंदौर, लखनऊ, कोयंबटूर, जयपुर, सूरत जैसे शहर तेजी से ग्रोथ हब बन रहे हैं. वहां सस्ती जिंदगी है, बेहतर कनेक्टिविटी है. जॉब के बढ़ते अवसर हैं. इन शहरों में अब सिर्फ रहने नहीं, बल्कि कमाने के मौके भी बन रहे हैं.
2. मेट्रो शहरों पर बढ़ता दबाव
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे शहरों में महंगी हाउसिंग, ट्रैफिक और प्रदूषण, सीमित इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी दिक्कतें हैं. इन वजहों से आउट-माइग्रेशन भी बढ़ा है. यानी लोग अब मेट्रो छोड़ भी रहे हैं. लेकिन दिलचस्प बात यह है कि मेट्रो शहर पूरी तरह खाली नहीं हुए. भीड़ और दबाव दोनों बढ़े हैं. छोटे शहरों के उभार के बावजूद, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे मेट्रो शहरों की हकीकत अलग है. नई नौकरियां और बड़े सेक्टर अब भी मेट्रो में केंद्रित हैं. लॉकडाउन के बाद बड़ी संख्या में लोग वापस भी लौटे हैं. शिक्षा, हेल्थ और लाइफस्टाइल का आकर्षण इन शहरों में बरकरार है. लेकिन इसके साथ ही इन शहरों में 'क्वालिटी ऑफ लाइफ' एक बड़ा सवाल है.
यह भी पढ़ें- जनगणना 2026-27: लंबी पूछताछ से मिलेगी छुट्टी! यहां जानिए डिजिटल जनगणना के हर सवाल का जवाब
जनगणना 2026 क्या बताएगी?
आने वाले डेटा से भारत का जनसांख्यिक नक्शा एक नई तरह से सामने आ सकता है:
1. इन-माइग्रेशन (मेट्रो की ओर खिंचाव)
जॉब, शिक्षा और अवसर अब भी बड़े शहरों में है. युवाओं का लगातार मेट्रो शहरों की तरफ आना जारी है.
2. आउट-माइग्रेशन (छोटे शहरों की ओर शिफ्ट)
महंगाई, भीड़ और लाइफस्टाइल के दबाव के चलते लोग वापस अपने घरों की ओर भी लौटे हैं. रिमोट वर्क और लोकल अवसरों का बढ़ावा मिल रहा है. यानी भारत का माइग्रेशन अब 'वन-वे' नहीं, बल्कि 'टू-वे फ्लो' बन चुका है.
छोटे शहर vs मेट्रो: संतुलन की नई कहानी
जनगणना के बाद तस्वीर कुछ ऐसी बन सकती है मेट्रो शहर अब भी इकोनॉमिक इंजन रहेंगे, लेकिन उनकी ग्रोथ की रफ्तार संतुलित होगी. वहीं टियर 2/3 शहर तेजी से उभरकर मिनी-मेट्रो बनेंगे. जनसंख्या का दबाव धीरे-धीरे फैलकर नए शहरी क्लस्टर बनाएगा.
सरकार और बजट पर क्या असर पड़ेगा?
माइग्रेशन का यह नया पैटर्न सीधे पॉलिसी और बजट को प्रभावित करेगा. इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग के तहत सड़कों, मेट्रो, हाउसिंग की जरूरत नए शहरों में बढ़ेगी. स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में स्कूल-अस्पताल का फोकस अब छोटे शहरों की ओर शिफ्ट होगा. लोकल जॉब क्रिएशन पर ज्यादा जोर रहेगा. अगर डेटा पुराना रहा या अपडेट में देरी हुई, तो फंडिंग और प्लानिंग दोनों गलत दिशा में जा सकती हैं.
कोविड ने जो बदलाव शुरू किया, जनगणना उसका ऑफिशियल प्रूफ बनेगी और यही डेटा आने वाले दशक की पॉलिसी, राजनीति और आपकी जेब तीनों की दिशा तय करेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं