संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आगामी सोमवार (9 मार्च) से शुरू होने जा रहा है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस सत्र के पहले दो दिनों को लेकर अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है. BJP की तरफ से जारी इस व्हिप में कहा गया है कि लोकसभा में उसके सभी सांसद 9 और 10 मार्च को होने वाली कार्रवाई के दौरान मौजूद रहें. बताया जा रहा है कि आगामी सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है. BJP ने सांसदों से कहा है कि वो बताई गई तारीख पर पूरे दिन सदन में रहें. सांसदों को बताया गया है कि 9 और 10 मार्च को कुछ अति महत्वपूर्ण विधायी कार्य भी आ सकता है, ऐसे में सभी बीजेपी सांसदों का सदन में होना जरूरी है.
आपको बता दें कि बजट सत्र के पहले चरण के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और निर्णय होने तक सदन की कार्यवाही में शामिल न होने का फैसला किया था. गौरतलब है कि विपक्षी दल लगातार आरोप लगा रहे हैं कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सदन की कार्यवाही का संचालन निष्पक्ष तरीके से नहीं कर रहे हैं और सत्तापक्ष के पक्ष में झुकाव दिखा रहे हैं. हालांकि, लोकसभा में संख्या बल को देखते हुए इस अविश्वास प्रस्ताव को राजनीतिक तौर पर अधिकतर प्रतीकात्मक माना जा रहा है, क्योंकि इसके पारित होने की संभावना बेहद कम है.
10 फरवरी को विपक्षी दलों ने संविधान के अनुच्छेद 94(सी) के तहत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस सौंपा था. कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने बताया कि यह नोटिस दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर लोकसभा के प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमों के नियम 94सी के अंतर्गत औपचारिक रूप से जमा किया गया था.
यह भी पढ़ें: लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर राहुल गांधी के हस्ताक्षर नहीं, कांग्रेस ने बताई वजह
यह भी पढ़ें: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस, Rule 94(c) के तहत विपक्षी सांसदों ने किए हस्ताक्षर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं