तीन कृषि कानूनों (Farm Laws) के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन (Farmer Protest) को आज एक साल पूरा हो गया. एक साल पहले शुरू हुआ किसानों का आंदोलन अब भी जारी है, हालांकि सरकार कृषि कानूनों को रद्द करने का ऐलान कर चुकी है, लेकिन अब किसान MSP पर गारंटी की मांग कर रहे हैं. कृषि कानूनों के रद्द होने की घोषणा के बाद भी किसानों का आंदोलन अभी भी जारी है. 29 नवंबर को किसान संसद की तरफ ट्रैक्टर रैली निकालने वाले हैं, जिसे देखते हुए गाजीपुर बार्डर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है. किसान 29 नवंबर को संसद तक ट्रैक्टर मार्च की तैयारियों में जुटे हैं. अमृतसर से किसान दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं.ठंड से बचने के लिए किसानों ने अपनी ट्रॉली को बाहर से ढक दिया है, वहीं ट्रॉली के अंदर पराली बिछा ली है, जिससे ठंड से बचा जा सके. इस मामले पर किसानों के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि वर्तमान में विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक भारत सरकार वार्ता नहीं करती, मुआवजा नहीं दिया जाता और एमएसपी गारंटी कानून नहीं लाया जाता. वहीं संसद के सत्र के दौरान कांग्रेस ने एक-एक करके सभी मुद्दे उठाने का फ़ैसला लिया है. सोनिया गांधी के निवास पर बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि एमएसपी का मुद्दा, लखीमपुर खीरी का मुद्दा, महंगाई, पेट्रोल-डीज़ल, जम्मू कश्मीर सहित सभी मुद्दे उठाए जाएंगे.
LIVE UPDATES: