विज्ञापन

बिहार में सम्राट कैबिनेट का विस्तार 7 मई को, शपथ समारोह में पीएम मोदी भी होंगे शामिल, सज रहा पटना

बिहार बीजेपी के अध्यक्ष संजय सरावगी ने बतया कि पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी की बंपर जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार बिहार जा रहे हैं, ऐसे में उनके भव्य स्वागत की तैयारियां चल रही हैं.

बिहार में सम्राट कैबिनेट का विस्तार 7 मई को, शपथ समारोह में पीएम मोदी भी होंगे शामिल, सज रहा पटना

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 7 मई को अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे. नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा. समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत एनडीए के तमाम प्रमुख नेता शामिल होंगे. पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी की बंपर जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार बिहार जा रहे हैं, ऐसे में उनके बड़े पैमाने पर स्वागत की तैयारियां चल रही हैं. 

पटना के गांधी मैदान में शपथ समारोह

बिहार बीजेपी के अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा, जहां राज्यपाल मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. बिहार में पहली बार भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनी है. सम्राट चौधरी को इसकी कमान सौंपी गई है. सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पहले ही कहा जा रहा था कि पांच राज्यों में चुनाव नतीजे आने के बाद यहां विस्तार किया जाएगा.

देखें- Explainer: अंग, बंग और कलिंग की अतित में आर्थिक-सांस्कृतिक ताकत, जिसके बारे में मोदी ने समझाया

पीएम मोदी, शाह समेत ये नेता होंगे शामिल

उन्होंने बताया कि 7 मई को होने वाले कैबिनेट विस्तार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत प्रमुख पार्टी नेता शामिल होंगे. इनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, एलजेपी (आरवी) के प्रमुख चिराग पासवान और हम (HAM) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी समेत गठबंधन के अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद रहेंगे.

50-50 फॉर्मूले पर हो सकता है बंटवारा 

इधर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है. सूत्रों का कहना है कि बिहार में 50-50 के फॉर्मूले पर मंत्रिमंडल का बंटवारा होने की उम्मीद है. सूत्रों के अनुसार, 7 मई को भाजपा से 12, जदयू के 11, एलजेपी (आर) के 2, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) पार्टी से एक-एक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. फिलहाल मंत्रियों की कुछ सीटें खाली रखी जाएंगी.

नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री और जदयू से विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. मंत्रिमंडल विस्तार में देरी को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर था.

इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने दिल्ली दौरे में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा कई वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात की थी. माना जा रहा है कि इन सभी नेताओं ने कैबिनेट विस्तार को लेकर हरी झंडी दे दी है.

देखें- बिहार में इस दिन होगा सम्राट कैबिनेट का विस्तार, नीतीश का रोल अहम; जानें किस दल से कितने मंत्री बनेंगे

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Cabinet Expansion, Samrat Chaudhary Cabinet Expansion, PM Modi Bihar Tour
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com