बिहार के सुपौल जिला के किशनपुर प्रखंड परिसर के सभा भवन के एक बाथरूम से बिहार पुलिस के प्रशिक्षणरत महिला कांस्टेबल का फंदे में लटका शव बरामद किया गया है. प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है. इस बाथरूम का प्रयोग सामान रखने के लिए किया जा रहा था. मृतक कांस्टेबल की पहचान रितु कुमारी के रूप में की गई है.
दुपट्टे से लटक रही थी लाश
बताया जाता है कि रितु की तैनाती हाल ही में ईद के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में भी की गई थी. पुलिस के मुताबिक, रितु कुमारी का शव एक बाथरूम से एक दुपट्टे से लटकते हुए बरामद किया गया है. इस बाथरूम का लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हो रहा था. घटना की सूचना मिलने के बाद कोसी रेंज के डीआईजी कुमार आशीष, सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. और किशनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.
बाथरूम भीतर से बंद था
किशनपुर के थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने रविवार को बताया कि प्रथम दृष्टा मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. महिला कांस्टेबल के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस के मुताबिक, बाथरूम भीतर से बंद था. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बाथरूम के दरवाजे को तोड़कर अंदर पहुंची, और महिला कांस्टेबल को बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
रितु की जेब से मोबाइल बरामद
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है. जांच के दौरान पुलिस ने रितु की जेब से उसका मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: मथुरा हिंसा: फरसा वाले बाबा की मौत के बाद मचे बवाल पर पुलिस सख्त, 300 से ज्यादा लोगों पर FIR, 13 गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं