- बेंगलुरु मेट्रो ट्रेन में जोर-जोर से गाना गाने के खिलाफ 11 महिला यात्रियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है
- यात्रियों की शिकायत पर मेट्रो सुरक्षा कर्मचारियों और होम गार्ड्स ने महिलाओं को हिरासत में लिया था
- पुलिस ने बीएमआरसीएल सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर गैर-संज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की है
बेंगलुरु मेट्रो ट्रेन के अंदर जोर-जोर से गाना गाकर उपद्रव करने और अन्य यात्रियों को परेशान करने के आरोप में 11 महिला यात्रियों के एक समूह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना 15 मार्च की रात को हुई जब वे महिलाएं बेंगलुरु इंटरनेशनल एग्जिबिशन सेंटर से केजीडब्ल्यूए (नादप्रभु केम्पेगौड़ा मेट्रो स्टेशन) मेट्रो लाइन की ओर जा रही थीं.
मेट्रो में जोर-जोर से गाना गाना पड़ा भारी
आरोप है कि महिलाओं के समूह ने कोच के अंदर जोर-जोर से गाना शुरू कर दिया, जिस पर अन्य यात्रियों ने आपत्ति जताई. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में, पीन्या औद्योगिक क्षेत्र स्टेशन पर कुछ यात्री ट्रेन से उतरे और प्लेटफार्म पर बहस करते रहे, जिससे कुछ देर के लिए ट्रेन के दरवाजे बंद होने में बाधा उत्पन्न हुई. घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रण में किया.
ये भी पढ़ें- नौकरी का बोझ! बॉस का फोन आते ही मेट्रो के फर्श पर बैठकर काम करने लगा शख्स, छिड़ गई बहस
11 महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
पुलिस ने बताया कि इसी समूह ने कई स्टेशनों पर कथित तौर पर उपद्रव किया. मेट्रो सुरक्षा कर्मचारियों और होम गार्डों ने होयसला गश्ती दल के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया. बीएमआरसीएल के सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर इन 11 महिला यात्रियों के खिलाफ गैर-संज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की गई है. बता दें कि गैर-संज्ञेय रिपोर्ट तब दर्ज की जाती है जब अपराध मामूली प्रकृति का माना जाता है. हालांकि, पुलिस ने बताया कि माफी मांगने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया.
इनपुट-भाषा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं