आज का दिन देश की सियासत, अर्थव्यवस्था और कानून-व्यवस्था- तीनों के लिहाज़ से बेहद अहम साबित हो सकता है. अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर चर्चाएं तेज हैं, जिसे यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने 'मदर ऑफ ऑल डील्स' करार दिया है. इस डील से न सिर्फ व्यापारिक रिश्ते, बल्कि वैश्विक जियो-पॉलिटिक्स की दिशा भी प्रभावित हो सकती है.
वहीं देश के भीतर मंगलवार 27 जनवरी को बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. 5-डे वर्क वीक की मांग को लेकर बुलाई गई इस हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ना तय माना जा रहा है.
इसी बीच प्रशासनिक हलकों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. यूजीसी नियमों में बदलाव को लेकर दिया गया उनका इस्तीफा सियासी और सामाजिक बहस को और तेज़ कर रहा है.
उधर क्राइम फ्रंट पर भी बड़ी कार्रवाई सामने आई है. कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती का साफ संदेश दिया है.
देश-दुनिया की इन तमाम बड़ी खबरों पर पल-पल के अपडेट्स के लिए जुड़े रहें इस लाइव ब्लॉग के साथ.
UGC नए नियम के विरोध में सवर्ण सेना का प्रदर्शन, 15 दिन का अल्टीमेटम
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सवर्ण सेना के कार्यकर्ता यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) कार्यालय पहुंचे, जहां करीब ढाई घंटे तक विरोध‑प्रदर्शन और बातचीत का दौर चला. प्रदर्शनकारियों ने सरकार से ठोस आश्वासन देने की मांग की कि नए यूजीसी नियमों से सामान्य वर्ग के छात्रों का कोई अहित नहीं होगा.
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि सरकार यह आश्वासन देती है कि सामान्य वर्ग के छात्रों के साथ भेदभाव नहीं होगा, तो वे अपना आंदोलन फिलहाल स्थगित कर देंगे. UGC के बाहर प्रदर्शन कर रहे सवर्ण सेना के सह‑संस्थापक शिवम सिंह ने कहा कि कैंपस में जातीय भेदभाव नहीं है, लेकिन वे इस सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए कि जातिगत भेदभाव की शिकायतें लगातार क्यों बढ़ रही हैं.
UGC बिल के विरोध में फिरोजाबाद में सवर्ण संगठनों का प्रदर्शन
यूजीसी बिल के विरोध में फिरोजाबाद में विभिन्न सवर्ण संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा.
प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी बिल को 'काला कानून' बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की. सवर्ण संगठनों का कहना है कि यह बिल उच्च शिक्षा व्यवस्था और अधिकारों के खिलाफ है.
संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि यह बिल वापस नहीं लिया गया तो वे सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेंगे. ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से इस कानून पर पुनर्विचार करने की अपील की गई है.
बरेली में जिला कलेक्ट्रेट के बाहर अलंकार अग्निहोत्री का धरना
#WATCH | Suspended City Magistrate of Bareilly, Alankar Agnihotri, sits on a protest outside the District Collectorate office in Bareilly, Uttar Pradesh https://t.co/n51chJIkYJ pic.twitter.com/f0pCquMLLT
— ANI (@ANI) January 27, 2026
SYL मुद्दे पर हरियाणा‑पंजाब की संयुक्त बैठक शुरू
सतलुज‑यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर मुद्दे पर हरियाणा और पंजाब की संयुक्त बैठक शुरू हो गई है. यह बैठक माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत आयोजित की जा रही है.
बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल हैं. हरियाणा की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी, पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल तथा दोनों राज्यों के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी बैठक में मौजूद हैं.
UGC के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. UGC के नए नियमों के विरोध में कई छात्र संगठनों और सवर्ण संगठनों ने मंगलवार सुबह 10 बजे से प्रदर्शन का ऐलान किया है, जिसके चलते प्रशासन अलर्ट मोड पर है.
UGC के नए नियमों का क्यों हो रहा है विरोध?
प्रदर्शन कर रहे छात्रों और संगठनों का आरोप है कि UGC के नए नियम ‘रिवर्स बायस’ यानी उल्टा भेदभाव पैदा कर सकते हैं. सामान्य वर्ग के छात्रों का कहना है कि इन नियमों में केवल SC, ST और OBC वर्ग के छात्रों को सुरक्षा देने के प्रावधान हैं, जबकि सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए भेदभाव से सुरक्षा को लेकर कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं की गई है.
कानपुर देहात में 500 रुपये के विवाद में शिक्षक ने छात्र की गला काटकर हत्या की
उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 500 रुपये के विवाद में एक शिक्षक ने 17 वर्षीय छात्र की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी. घटना मंगलपुर थाना क्षेत्र की है. मृतक छात्र की पहचान सौरभ पाल के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी शिक्षक ने सौरभ को मिलने के लिए बुलाया था, जहां विवाद के दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया.
बहन के साथ झिंझक में रहता था छात्र
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) राजेश पांडे ने बताया कि सौरभ पाल झिंझक में अपनी बहन के साथ रहता था. रविवार शाम किसी ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया, जिसके बाद उस पर जानलेवा हमला किया गया.
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हमले में सौरभ के गले पर गंभीर चोटें आईं. परिजन उसे तत्काल झिंझक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. हालांकि, मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आरोपी शिक्षक की तलाश में छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि परिजनों का रो‑रोकर बुरा हाल है.
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.