विज्ञापन

क्लास में दांतों की क्लिप पर बहस... 7वीं क्लास के छात्र ने आत्महत्या की कोशिश, बेंगलुरु में जयपुर के अमायरा जैसा केस

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 7वीं क्लास के छात्र ने सुसाइड की कोशिश की. यह जयपुर के अमायरा स्कूल जैसा मामला लग रहा है. 5 दिन पहले भी बेंगलुरु में ऐसा ही केस आया था.

क्लास में दांतों की क्लिप पर बहस... 7वीं क्लास के छात्र ने आत्महत्या की कोशिश, बेंगलुरु में जयपुर के अमायरा जैसा केस
Bengaluru Suicide Case
बेंगलुरु:

बच्चों से स्कूल जैसी जगहों पर परेशान करने की घटनाएं इस कदर बढ़ गई हैं कि बेहद चौंकाने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं.ताजा वाकया कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से सामने आया है, जहां  क्लास 7 के एक लड़के ने सुसाइड करने की कोशिश की. आरोप है कि बेंगलुरु के सेंट फिलोमेना स्कूल में टीचर द्वारा मारपीट किए जाने से 7वीं क्लास के एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की. इस घटना की जांच शुरू हो गई है और पुलिस छात्र के परिवार की शिकायत पर कार्रवाई करने की तैयारी में है. इससे पहले जयपुर के नीरज मोदी स्कूल में कक्षा 4 की छात्रा अमायरा का सुसाइड केस पूरे देश को झकझोर चुका है. जबकि पांच दिन पहले भी बेंगलुरु में ऐसी ही घटना हुई थी, जिसमें स्कूल में 20 रुपये फाइन लगाने पर एक लड़की ने सुसाइड कर लिया था. 

किराने की दुकान चलाता है पिता

ताजा मामला बेंगलुरु के मयापल्ली इलाके का है, जहां समर्थ एम नाम का यह छात्र ने आत्महत्या की कोशिश की. उसका अभी नयांडहल्ली के नेट्स हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. परिवार का आरोप है कि एक टीचर ने समर्थ को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया था, जिससे वह बहुत ज्यादा मानसिक तनाव में आ गया था. समर्थ के पिता महेश कुमार किराने की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी माँ कुसुम एक प्राइवेट दुकान में काम करती हैं.

ज्ञानभारती पुलिस स्टेशन में दर्ज केस

पुलिस के मुताबिक, छात्रों के शुरुआती बयानों से पता चलता है कि समर्थ और उसके क्लासमेट जीवन के बीच दांतों के क्लिप को लेकर बहस हुई थी. इस बहस के बाद, टीचर ने कथित तौर पर समर्थ को डांटा और उसके साथ मारपीट की. माता-पिता ने ज्ञानभारती पुलिस स्टेशन में स्कूल प्रशासन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस का कहना है कि वे आत्महत्या की कोशिश की असल वजहों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रहे हैं. शिक्षा विभाग के अधिकारियों के भी इस बात की जांच करने की उम्मीद है कि क्या स्कूल में हुई कथित प्रताड़ना का इस घटना में कोई हाथ था.

पांच दिन पहले भी बेंगलुरु का केस

बेंगलुरु के बाहरी इलाके मारसुरु मडिवालामें बुधवार रात को क्लास 8 की छात्रा ने अपने घर पर सुसाइड कर लिया था. परिवार ने बताया था कि लड़की अपने स्कूल में टीचर की प्रताड़ना से परेशान थी. मधुश्री मारसुरु गवर्नमेंट स्कूल की छात्रा थी. मधुश्री ने हाथ से लिखा एक लेटर छोड़ा था. उसने आरोप लगाया था कि होमवर्क पूरा न करने पर टीचर ने उसे सजा दी. 20 रुपये का जुर्माना लगाने के साथ स्कूल से निकालने के लिए टीसी जारी करने की धमकी दी थी. वो इससे मानसिक तौर पर परेशान हो गई. 

ये भी पढ़ें - अमायरा के नए वीडियो में क्या है, 8:40 से 12.29 बजे के बीच क्या हुआ - 10 बातें

जयपुर अमायरा केस

राजस्थान के जयपुर में नीरजा मोदी स्कूल की 9 वर्षीय छात्रा अमायरा मीणा ने नवंबर 2025 में सुसाइड कर लिया था.कक्षा 4 की छात्रा अमायरा ने स्कूल की चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी थी.परिजनों का आरोप है कि मौत से ठीक पहले क्लास में अमायरा को अन्य छात्रों द्वारा काफी परेशान किया था. आरोप है कि अमायरा ने क्लास टीचर के पास जाकर हाथ जोड़कर कई बार मदद मांगी और परेशानी बताई, लेकिन टीचर ने उसे नजरअंदाज किया. पुलिस ने इस केस में चार्जशीट दाखिल की है. अमायरा के माता-पिता ने इसे अधूरा बताते हुए स्कूल के मालिक और प्रिंसिपल की गिरफ्तारी की मांग की है. सीबीएसई ने भी स्कूल की सुरक्षा खामियों और लापरवाही के कारण स्कूल की मान्यता रद्द कर दी थी.

हेल्पलाइन
वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्‍थ 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com
TISS iCall 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्‍ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक)
(अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्‍स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य विशेषज्ञ के पास जाएं)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bengaluru Suicide Case, Bengaluru News, Jaipur Amaira Case, Jaipur News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com