विज्ञापन

'संजय गांधी विलेन और राजीव हीरो', सोनिया की किताब पर BJP नेताओं ने उठाए सवाल

सोनिया गांधी की आत्मकथा के विमोचन के बाद राजनीतिक गलियारों में नई बहस छिड़ गई है. 1984 सिख विरोधी दंगे, राजीव गांधी की भूमिका, संजय गांधी की छवि और नीतीश कुमार पर किए गए उल्लेखों को लेकर भाजपा, जेडीयू और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं.

'संजय गांधी विलेन और राजीव हीरो', सोनिया की किताब पर BJP नेताओं ने उठाए सवाल
सोनिया गांधी की किताब पर मचा राजनीतिक बवाल, BJP और JDU ने उठाए सवाल
NDTV
  • सोनिया गांधी की किताब पर मचा राजनीतिक बवाल
  • निशिकांत दुबे बोले- किताब में संजय गांधी को विलेन और राजीव गांधी को हीरो बताया गया
  • BJP-JDU ने किताब के दावों पर उठाए सवाल, कांग्रेस ने किया बचाव
नई दिल्ली:

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा Belonging: A Journey of Love के प्रकाशन के साथ ही राजनीतिक बहस तेज हो गई है. किताब में परिवार, राजनीति, आपातकाल, 1984 सिख विरोधी हिंसा, बाबरी मस्जिद विध्वंस और विपक्षी राजनीति से जुड़े कई प्रसंगों का उल्लेख किया गया है. इसे लेकर भाजपा, जेडीयू और अन्य दलों के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं. कई नेताओं ने सोनिया गांधी पर इतिहास को अपने नजरिए से पेश करने का आरोप लगाया है, जबकि कांग्रेस नेताओं ने आलोचनाओं को बिना किताब पढ़े की गई राजनीतिक प्रतिक्रिया बताया है.

निशिकांत दुबे ने संजय गांधी और राजीव गांधी को लेकर उठाए सवाल

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया कि सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में संजय गांधी को खलनायक और राजीव गांधी को नायक की तरह प्रस्तुत किया है. उन्होंने कहा कि अब न तो संजय गांधी जीवित हैं, न इंदिरा गांधी और न ही राजीव गांधी, इसलिए उनके बारे में लिखी गई बातों का जवाब कोई नहीं दे सकता.

दुबे ने सवाल उठाया कि यदि सोनिया गांधी आपातकाल की इतनी विरोधी थीं तो 1980 के चुनाव में इंदिरा गांधी ने संजय गांधी को उम्मीदवार क्यों बनाया. उन्होंने यह भी कहा कि 1989 में राम जन्मभूमि से जुड़े कार्यक्रम का उल्लेख करने के बावजूद किताब में कई घटनाओं को चुनिंदा तरीके से पेश किया गया है.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुस्तक में सोनिया गांधी ने स्वयं की सकारात्मक छवि पेश करने की कोशिश की है और परिवार के भीतर के विवादों, विशेषकर मेनका गांधी से जुड़े प्रसंगों पर संतुलित नजरिया नहीं अपनाया है.

जेडीयू ने नीतीश कुमार को लेकर जताई आपत्ति

सोनिया की किताब पर जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि पुस्तक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन की नींव रखने में नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी. झा के अनुसार, विपक्षी नेताओं को एक मंच पर लाने, देशभर में संवाद कायम करने और पटना में पहली बैठक आयोजित कराने में नीतीश कुमार की केंद्रीय भूमिका थी. उन्होंने कहा कि यदि पुस्तक में उनके गठबंधन से अलग होने का जिक्र है तो उस फैसले के पीछे की परिस्थितियों को भी विस्तार से बताया जाना चाहिए.

BJP नेता फूलका ने 1984 दंगों पर उठाए सवाल

भाजपा नेता एच.एस. फूलका ने सोनिया की किताब में 1984 सिख विरोधी हिंसा से जुड़े उल्लेखों पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि पुस्तक में राजीव गांधी और कांग्रेस नेतृत्व को जिम्मेदारी से मुक्त दिखाने की कोशिश की गई है. फूलका ने कहा कि मिश्रा आयोग और नानावती आयोग की रिपोर्टों में यह दर्ज है कि दिल्ली में बड़ी संख्या में सेना के जवान उपलब्ध थे. उन्होंने दावा किया कि यदि समय रहते सेना को प्रभावी ढंग से तैनात किया जाता तो हजारों लोगों की जान बचाई जा सकती थी. उन्होंने कहा कि पुस्तक में सेना के तत्कालीन नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की गई है, जबकि आधिकारिक रिकॉर्ड अलग तस्वीर पेश करते हैं.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का हमला

बिहार से बीजेपी नेता और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रनिष्ठा पर सवाल उठाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि देश की जनता और इतिहास इनके योगदान का आकलन करने में सक्षम है.

कांग्रेस ने आलोचनाओं को बताया राजनीतिक प्रतिक्रिया

लखनऊ के कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने भाजपा नेताओं की आलोचना पर पलटवार करते हुए कहा कि कई लोग पुस्तक पढ़े बिना ही उस पर टिप्पणी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पुस्तक के विमोचन के कुछ ही घंटों के भीतर उस पर राजनीतिक हमला शुरू हो गया. राजपूत ने आरोप लगाया कि आलोचना तथ्यों के अध्ययन के बजाय राजनीतिक पूर्वाग्रह पर आधारित है.

शिवसेना ने भी उठाए सवाल

शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि यदि सोनिया गांधी अपनी पुस्तक देश या कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समर्पित करतीं तो उसका दायरा व्यापक होता. दुबे ने सवाल उठाया कि पुस्तक में बाबरी मस्जिद विध्वंस के समय की भावनाओं का उल्लेख है, लेकिन 1984 की हिंसा के दौरान पीड़ित सिखों के दर्द को उसी तरह से नहीं रखा गया.

यह भी पढ़ें : शाह बानो केस पर सोनिया ने राजीव गांधी से जताई थी नाराजगी, किताब में बताई वो पूरी बात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sonia Gandhi Book, Belonging A Journey Of Love, Nishikant Dubey, Congress, BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com