श्रीलंकाई नौसेना की गोलीबारी में दो भारतीय मछुआरे घायल

श्रीलंकाई नौसेना की गोलीबारी में दो भारतीय मछुआरे घायल

प्रतीकात्मक फोटो.

पुद्दुचेरी:

श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों ने कराईकल से करीब 80 किलोमीटर दूर कोदियाकरई तट से निकट भारतीय मछुआरों की नौकाओं पर आज कथित तौर पर गोलीबारी की जिसमें दो भारतीय मछुआरे गंभीर रूप से घायल हो गए.

नागपट्टिनम में मत्स्य विभाग के संयुक्त निदेशक अमल जेवियर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले और यहां से कल शाम को 100 से अधिक नौकाओं में मछुआरों का एक बड़ा समूह समुद्र में मछली पकड़ने के लिए रवाना हुआ था. इस समूह में पुद्दुचेरी के कराईकल जिले के दो मछुआरे भी शामिल थे.

उन्होंने बताया कि जब ये मछुआरे कोदियाकरई तट से करीब 11 नौटिकल मील की दूरी पर मछली पकड़ रहे थे तब श्रीलंकाई नौसेना के अधिकारियों ने उनके नौकाओं पर गोलीबारी की जिसमें 21 वर्षीय बालागुरगन और 22 वर्षीय अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए.

उन्होंने बताया कि हालांकि घायल मछुआरे समेत सभी मछुआरे भागने में कामयाब रहे और वे आज सुबह कराईकल तट पर पहुंचे. दोनों घायल मछुआरों को पुद्दुचेरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com