महाराष्ट्र में भाजपा के मंत्री बोले- सरकार को सनातन पर रोक लगाने से कोई परहेज नहीं

महाराष्ट्र में भाजपा के मंत्री बोले- सरकार को सनातन पर रोक लगाने से कोई परहेज नहीं

प्रतीकात्मक फोटो

मुंबई:

सनातन संस्था पर प्रतिबंध की बढ़ती मांग के बीच महाराष्ट्र में भाजपा के एक मंत्री ने सोमवार को कहा कि सरकार को इस संस्था पर रोक लगाने से कोई परहेज नहीं है। सनातन के एक सदस्य को अधंविश्वास के खिलाफ काम करने वाले कार्यकर्ता गोविन्द पानसरे की हत्या के सिलसिले में पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने पिछले हफ्ते कट्टरपंथी संगठन सनातन संस्था के सदस्य समीर गायकवाड़ को गिरफ्तार किया था। भाकपा नेता 82 वर्षीय पानसरे और उनकी पत्नी उमा को इस साल फरवरी में कोल्हापुर में उनके आवास के समीप दो युवकों ने गोली मार दी थी। पानसरे की चार दिन बाद मुंबई के एक अस्पताल में मौत हो गयी।

एक वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री ने अपनी पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई भाषा को बताया, ‘‘यदि हम सनातन संस्था को प्रतिबंधित करते हैं तो उसके कोई राजनीतिक परिणाम नहीं निकलेंगे। लिहाजा हमें इसको प्रतिबंधित करने में कोई समस्या नहीं है। हमारा बस यही दावा है कि पर्याप्त सबूत होने चाहिए कि जो उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हों।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा, ‘‘सनातन जिस हिन्दुत्व का पालन कर रहा है वह कर्मकांडी है जबकि हमारा अधिक वैज्ञानिक है।’’ मंत्री ने कहा कि दक्षिण पंथी संगठन से संबंधित किसी की गिरफ्तारी, ऐसे समय में जबकि हिन्दुत्व के मुद्दे पर बनी सरकार सत्ता में हो, तभी संभव हो सकती है जब पुलिस के पास पर्याप्त साक्ष्य हों। ‘‘यदि उसके पास कोई साक्ष्य नहीं होते तो वे कभी उसे गिरफ्तार नहीं करते।’’