यह ख़बर 16 मार्च, 2013 को प्रकाशित हुई थी

मप्र में विदेशी महिला के साथ सामूहिक बलात्कार, 20 हिरासत में

खास बातें

  • गैंगरेप की शिकार महिला स्विटजरलैंड की रहने वाली है। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित महिला के पति की निशानदेही पर करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया है।
भोपाल:

स्विटजरलैंड से भारत भ्रमण पर आई एक महिला को सात वहशियों ने अपनी हवस का शिकार बना डाला। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर सात अज्ञात लोगों के खिलाफ  दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया है। इस मामले में पीड़ित महिला के पति की निशानदेही पर करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भारत भ्रमण पर आया स्विटजरलैंड का जार्ज दंपति साइकिल से ओरछा से आगरा जा रहा था। शुक्रवार को शाम हो जाने के चलते उन्होंने सिविल लाइन थाना क्षेत्र के झरिया गांव के पास भुतहा जंगल में रुकने का मन बनाया। तभी कुछ हथियार बंद लोगों ने उन्हें घेर लिया और महिला के साथ दुष्कर्म किया।

अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एमएस ढोड़ी ने शनिवार को बताया कि पीड़ित विदेशी दंपति की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में सात अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियो की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में जंगल में अभियान चला रखा है, मगर पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लग पाई है।

पीड़ित महिला को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए ग्वालियर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है, जहां तीन महिला चिकित्सकों के दल ने उसका परीक्षण किया। स्विस दंपति को दतिया वापस लाया गया है।

राज्य में हाल ही में विदेशी महिलाओं के साथ दुराचार होने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले बांधवगढ़ घूमने आई विदेशी युवती को एक होटल के मैनेजर ने अपनी हवस का शिकार बनाया था। महिला इस घटना से इतनी डर गई थी कि उसने महाराष्ट्र में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बताया गया है कि इस घटना को अंजाम देने वाले आस-पास के गांव के ही लोग होंगे। जिन्हें शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।