यह ख़बर 26 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

भारतीय मछुआरों को रिहा करे श्रीलंका : कृष्णा

खास बातें

  • रामेश्वरम में मछुआरों के संघ 11 नवंबर को मादक पदार्थ बेचने के अपराध में गिरफ्तार पांच मछुआरों सहित इन 23 मछुआरों की रिहाई के लिए दबाव बना रहे हैं। उन्होंने मछुआरों की रिहाई तक अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का आह्वान किया है।
नई दिल्ली:

भारत ने श्रीलंका से तमिलनाडु के 23 मछुआरों को मानवीय आधार पर रिहा करने को कहा है। इन मछुआरों को श्रीलंका की समुद्री सीमा में प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था।

विदेश मंत्री एस एम कृष्णा ने कोलम्बो में भारतीय उच्चायुक्त अशोक कांथा से श्रीलंका में अधिकारियों के समक्ष यह मुद्दा उठाने के लिए कहा था।
कांथा ने श्रीलंकाई अधिकारियों से मुलाकात की और उन पर मछुआरों को रिहा करने को कहा।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विदेश मंत्रालय एक बार फिर श्रीलंकाई उच्चायोग के सामने यह मुद्दा उठाएगा।

कृष्णा लगातार इस मुद्दे पर सक्रियता दिखा रहे हैं और भारत को मछुआरों की जल्द ही रिहाई की उम्मीद है।

शनिवार की आधी रात पाल्क जलडमरूमध्य में कच्चातिवू के नजदीक जब कुछ भारतीय मछुआरे मछलियां पकड़ रहे थे तब श्रीलंकाई नौसेना ने कथिततौर पर उनकी नौकाओं का पीछा किया और 23 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया।

उन्हें सोमवार को मन्नार अदालत में पेश किया गया और फिर छह अगस्त तक के लिए हिरासत में भेज दिया गया।

रामेश्वरम में मछुआरों के संघ 11 नवंबर को मादक पदार्थ बेचने के अपराध में गिरफ्तार पांच मछुआरों सहित इन 23 मछुआरों की रिहाई के लिए दबाव बना रहे हैं। उन्होंने मछुआरों की रिहाई तक अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का आह्वान किया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखकर भारतीय मछुआरों के प्रति श्रीलंकाई नौसेना के निर्दयी व कठोर बर्ताव के प्रति चिंता जतायी।