यह ख़बर 29 अक्टूबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

पटना से परे भी है सुशील शिन्दे की जिन्दगी : सलमान खुर्शीद

नई दिल्ली:

पटना में हुए शृंखलाबद्ध बम विस्फोटों के बाद केंद्रीय गृहमंत्री के बॉलीवुड के एक म्यूजिक लॉन्च समारोह में शामिल होने की भाजपा की निन्दा को खारिज करते हुए कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि सुशील कुमार शिन्दे की ‘पटना से परे भी जिन्दगी है।’ विस्फोटों के बावजूद रैली करने के लिए खुर्शीद ने प्रधानमंत्री पद के भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की भी आलोचना की और कहा, इस तरह की घटना होने के बाद, आप जो कर रहे, उसे वहीं छोड़ देना चाहिए। धमाकों के चंद घंटे बाद एक फिल्म के म्यूजिक रिलीज में शिन्दे के शामिल होने का बचाव करते हुए विदेश मंत्री ने कहा, शिन्दे की पटना से परे भी जिन्दगी है..और जो हुआ वह नृशंस है।
 
खुर्शीद ने कहा, कानून व्यवस्था राज्य सरकार की जिम्मेदारी थी और यदि राज्य सरकार ने किसी चीज के लिए शिन्दे या गृह मंत्रालय से कहा होता तो वह फोन पर वहां होते। रैली पर आगे बढ़ने के लिए मोदी की आलोचना करते हुए विदेशमंत्री ने कहा, क्या मैं पूछ सकता हूं कि क्या रैली स्थगित की गई? आपने जिन्दगी को सामान्य ढंग से जीने के लिए शिन्दे की निन्दा की, लेकिन किसी ने यह सवाल नहीं किया कि मोदी को कोई परवाह नहीं है, उन्होंने अपना भाषण जारी रखा, उन लोगों के बारे में एक शब्द भी नहीं कहा, जो मारे गए, क्योंकि यह स्क्रिप्ट में नहीं था या था तो हमने देखा नहीं?
 
केंद्रीय मंत्री ने मोदी की यह कहकर आलोचना की कि विस्फोटों में घायल हुए लोगों को देखने के बजाय उन्होंने रैली जारी रखी। उन्होंने कहा, क्या आपको उन लोगों को नहीं देखना चाहिए जो घायल हुए? क्या आपको यह पता करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए थी कि क्या हुआ? उन्होंने अपना भाषण जारी रखा..काफी खराब..काफी खराब। खुर्शीद ने वंशवाद की राजनीति के मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना करने के लिए भी मोदी पर हमला बोला। मेनका और वरुण गांधी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि (गांधी) परिवार जिससे मोदी को चिढ़ होती है, वह काफी हद तक भाजपा का भी हिस्सा है।

उन्होंने कहा, भाजपा में एक काफी जानी मानी नेता मेनका गांधी और वरुण गांधी हैं, एक युवा जो पार्टी महासचिव भी हैं। उनके (मोदी) लिए यदि आप कांग्रेस छोड़ देते हैं तो तब आप परिवार का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन यदि आप कांग्रेस में हैं तो तब आप (गांधी) परिवार का हिस्सा हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com