बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पीएम मोदी की पांच देशों की यात्रा को बताया गया सफल

बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पीएम मोदी की पांच देशों की यात्रा को बताया गया सफल

फाइल फोटो

इलाहाबाद:

इलाहाबाद में चल रही बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधाममंत्री नरेंद्र मोदी की हाल में संपन्न पांच देशों की विदेश यात्रा को सफल बताते हुए उनका अभिनंदन किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी की पांच देशों की यात्रा के बारे में कार्यकारिणी में जानकारी दी। राजनाथ सिंह ने कहा कि इसे अब मोदी सिद्धांत या मोदी डॉक्ट्रिन की संज्ञा दी गई है।

पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ा
गृह मंत्री ने कहा कि पीएम की यात्रा से पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। इससे दुनिया भर रहने वाले भारतवंशी गौरवान्वित हुए हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी की यात्रा से भारत को एमटीसीआर यानी मिसाइल टेक्नोलॉजी कंट्रोल रेजिम में प्रवेश मिला यानी अब मिसाइल बनाने के साथ उसका निर्यात भी कर पाएंगे। साथ ही एनएसजी यानी न्यूक्लियर सप्लाई ग्रुप में प्रवेश के लिए भारत को कई देशों ने समर्थन दिया है और ये जल्दी ही हासिल होगा।  

भगोड़े आतंकियों को पकड़ने में सहयोग का वादा
राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम की यात्रा करिश्माई है। इरान और अफ़ग़ानिस्तान में कूटनीतिक सफलता मिली है। आतंकवाद के मुद्दे पर भारत के रुख़ मिले अंतरराष्ट्रीय समर्थन का भी जिक्र किया गया। यह कहा गया कि किस तरह अमेरिका ने भगोड़े आतंकवादियों को पकड़ने में सहयोग का वादा किया है।

काले धन पर स्विट्जरलैंड से चर्चा
काले धन पर स्विट्ज़रलैंड यात्रा में विस्तार से चर्चा की गई और उसने भारत को सहयोग करने का आश्वासन दिया है।

भारतीय संस्कृति का प्रभाव बढ़ा
राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी की यात्रा से भारतीय संस्कृति का भी प्रभाव बढ़ा है। अमेरिका ने भारत से चुराई गईं प्राचीन और ऐतिहासिक तथा धार्मिक महत्व की कलाकृतियों को लौटाया। नरेंद्र मोदी भारतीय संस्कृति के वाहक सिद्ध हुए हैं।

भारत की कोई उपेक्षा नहीं कर सकता
राजनाथ सिंह ने कूटनीतिक मोर्चे पर भारत के बढ़ते महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत की अब कोई उपेक्षा नहीं कर सकता। इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री को जाता है। उन्होंने अत्यधिक परिश्रम कर ये सफलता हासिल की है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com