विज्ञापन
This Article is From Feb 22, 2018

PNB घोटाला: मेहुल चोकसी और नीरव मोदी की कंपनियों में चॉल में रहने वाले भी डायरेक्टर!

पंजाब नेशनल बैंक घोटाले में सीबीआई और ईडी ने दर्ज एफआईआर में कई लोगों को डायरेक्टर बताया गया है जबकि वो बिल्‍कुल आम लोग हैं जिनके नाम का महज़ इस्तेमाल किया जा रहा था. कुछ मुंबई की चॉल में रहते हैं.

PNB घोटाला: मेहुल चोकसी और नीरव मोदी की कंपनियों में चॉल में रहने वाले भी डायरेक्टर!
नीरव मोदी (फाइल फोटो)
  • सीबीआई की एफआईआर में दर्ज लोगों के नाम पर सवाल उठना शुरू हो गया है
  • एफआईआर में कई आम लोगों को डायरेक्टर बताया गया है
  • CBI और ED मेहुल चोकसी और नीरव मोदी की कंपनियों पर कार्रवाई कर रहे हैं
मुंबई: पंजाब नेशनल बैंक घोटाले में सीबीआई और ईडी मेहुल चोकसी और नीरव मोदी की कंपनियों पर कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन अब एक बड़ा सवाल सीबीआई की एफआईआर में दर्ज लोगों के नाम पर उठना शुरू हो गया है. एफआईआर में दर्ज कई लोगों को डायरेक्टर बताया गया है जबकि वो बिल्‍कुल आम लोग हैं जिनके नाम का महज़ इस्तेमाल किया जा रहा था. कुछ मुंबई की चॉल में रहते हैं.

PNB घोटाला: नीरव मोदी के पीछे जिस 'पप्‍पू' का था हाथ, जानें कौन है वो

एफआईआर में आरोपी नंबर नौ हैं दिनेश भाटिया. उन्हें गिली ज्वेल्स और नक्षत्र ज्वेल्स का डायरेक्टर बताया गया है, लेकिन असल में मुंबई के कालबादेवी इलाके की एक छोटी सी इमारत में रहते हैं. डरे हुए परिवार ने कैमरे पर बात नहीं की, लेकिन कहा कि उनका घोटाले से कोई वास्ता नहीं और वह बस दस्तख़त करते थे.

यही हाल आरोपी नंबर 12 ज्योति वोरा का भी है. ज्योति वैसे तो नक्षत्र ज्वेल्स में डायरेक्टर हैं, लेकिन उनका घर मुंबई के अम्बोली इलाके के इस पुराने इमारत में रहते हैं.

नीरव मोदी के वकील का दावा- 'नीरव मोदी फरार नहीं, व्यवसाय के सिलसिले में विदेश गये हैं'

एफआईआर में सोलहवें आरोपी हैं मिहिर जोशी. महज़ 26 साल के मिहिर जोशी का रजिस्टर्ड घर दहिसर इलाके की इस बस्ती में है. पड़ोसियों ने बताया कि मिहिर जोशी की यह पहली नौकरी ही थी, लेकिन अब इस पूरे मामले में उनका नाम सामने आने पर वह बेहद परेशान हैं. मिहिर जोशी के पड़ोसी मोहन ने बताया कि जब से इस मामले में उसका नाम जुड़ा है वो बेहद ही दुखी है. वह ना ही सही से खाना खा रहा है और ना ही वह घर के बाहर निकल रहा है और वह घर में बैठकर रो रहा है.

PNB घोटाला: नीरव मोदी की कंपनी के सीनियर अधिकारी विपुल अंबानी 5 मार्च तक CBI हिरासत में

कल्याण की संजू कॉलोनी में आरोपी नंबर 10 अनियत नायर का घर है. यहां रहने वाले किरायेदार ने बात करने से मना कर दिया, लेकिन यह बताया कि अनियत नायर अब पास के ही एक टावर में रहते हैं. नए पते पर पहुंचने पर पता चला की अनियत के घर पर पहले से ही आयकर विभाग की जांच जारी है. यहां पर भी परिवारवालों ने दावा किया कि अनियत नायर कंपनी में डायरेक्टर नहीं अकाउंटेंट हैं और सिर्फ कागज़ पर उनका नाम है. लेकिन आयकर विभाग केवल अनियत नायर के घर पर ही नहीं बल्कि कांदिवली में रहने वाले चंद्रकांत करकरे के घर पर भी मौजूद था. अधिकारियों ने बताया कि वह यहां कंपनी में करकरे की भूमिका के बारे में उनसे सवाल करने आये हैं.

VIDEO: क्या बैंकों में PNB जैसे और भी घोटाले छुपे हो सकते हैं?

इस पूरे मामले मे सीबीआई ने कुल दो एफआईआर दर्ज की हैं और अबतक 12 लोगों को गिरफ्तार भी किया है, लेकिन एफआईआर में जिन लोगों के नाम हैं, उनमें से कई ने अपने बेगुनाह होने की बात की है और इसे ही साबित करने के लिए वह लगातार सीबीआई और आयकर विभाग के चक्कर लगा रहे हैं.
 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PNB Scam, Mehul Choksi, Nirav Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com