विज्ञापन

वॉशिंगटन पहुंचे PM मोदी, क्वाड देशों के पहले सम्मेलन में होंगे शामिल, जो बाइडेन से करेंगे द्विपक्षीय बात- 10 अहम बातें

PM Modi US Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वॉशिंगटन पहुंच गए हैं. वह क्वाड के पहले सम्मेलन में भाग लेंगे. इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे. तीन दिनों के अमेरिकी दौरे में  प्रधानमंत्री संयुक्त राष्ट्र महासभा को भी संबोधित करेंगे.

हल्की फुहारों के बीच PM मोदी वॉशिंगटन एयरबेस पर उतरे, जहां भारतीय-अमेरिकियों ने तिरंगा लहराकर उनका स्वागत किया.

वॉशिंगटन:

PM Modi US Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वॉशिंगटन पहुंच गए हैं. वह क्वाड के पहले सम्मेलन में भाग लेंगे. इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे. तीन दिनों के अमेरिकी दौरे में  प्रधानमंत्री संयुक्त राष्ट्र महासभा को भी संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री ने कहा कि वह, इस यात्रा के दौरान क्वाड समूह के नेताओं के शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति बाइडन, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन और जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा के साथ हिस्सा लेंगे.

  1. बुधवार को अमेरिका की अपनी तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाशिंगटन डीसी के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पहुंचे, जहां मौजूद भारतीय अमेरिकियों ने हल्की बारिश के बीच भारतीय ध्वज लहराते हुए उनका स्वागत किया और उनके स्वागत में उनके नाम के नारे लगाए, वहां सुबह से ही भारी बारिश के बावजूद, बड़ी संख्या में भारतीय अमेरिकी प्रधान मंत्री के स्वागत के लिए एंड्रयूज ज्वाइंट एयरफोर्स बेस पर जमा हुए थे.हवाई अड्डे पर जो बाइडेन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने पीएम मोदी की अगवानी की.

  2. 2014 में पदभार ग्रहण करने के बाद से 7वीं बार अमेरिका की यात्रा कर रहे पीएम मोदी ने कहा कि यह यात्रा "अमेरिका के साथ हमारी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ संबंधों को मजबूत करने का अवसर" है. उन्होंने कहा था कि राष्ट्रपति बाइडेन के साथ अपनी बैठक में, वह भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे और पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे.

  3. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उनका अमेरिका दौरा भारत-अमेरिकी वैश्विक व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूती देने, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ संबंधों को प्रगाढ़ बनाने और महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने का एक मौका होगा.

  4. प्रधानमंत्री ने प्रस्थान पूर्व एक बयान में कहा कि वह अपनी यात्रा का समापन न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में वैश्विक चुनौतियों, खासकर कोविड-19 महामारी, आतंकवाद से निपटने की आवश्यकता, जलवायु परिवर्तन और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने संबोधन से करेंगे.

  5. इस यात्रा में प्रधानमंत्री कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन सहित विश्व के अन्य नेताओं के साथ वार्ता करेंगे और संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) को संबोधित भी करेंगे. प्रधानमंत्री बुधवार की सुबह अमेरिका के लिए रवाना हुए थे. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री का यह दौरा हो रहा है.

  6. प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति बाइडेन के साथ भारत-अमेरिकी वैश्विक व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे और आपसी हित से जुड़े वैश्विक व क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे.प्रधानमंत्री अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस से भी मुलाकात करेंगे और उनके साथ दोनों देशों के बीच विभिन्न मुद्दों, खासकर विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशेंगे.

  7. प्रधानमंत्री ने कहा कि क्वाड सम्मेलन, डिजिटल माध्यम से मार्च में आयोजित की गई क्वाड देशों के नेताओं की पहली शिखर बैठक में हुए फैसलों की समीक्षा करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए आपसी साझा दृष्टिकोण पर आधारित भविष्य के कार्यक्रमों और प्राथमिकताओं की पहचान का एक मौका प्रदान करेगा.

  8. बाइडन के साथ द्विपक्षीय वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी अफगानिस्तान के घटनाक्रम के अलावा कट्टरपंथ, चरमपंथ व सीमा पार से होने वाले आतंकवाद की रोकथाम के तरीकों तथा भारत-अमेरिका वैश्विक साझेदारी का और अधिक विस्तार करने पर मुख्य रूप से चर्चा करेंगे.

  9. बाइडेन के अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद दोनों नेता पहली बार एक दूसरे के आमने-सामने बैठ कर वार्ता करेंगे. प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मॉरिसन और सुगा के साथ इन देशों से ‘‘मजबूत द्विपक्षीय संबंधों'' की समीक्षा करेंगे और महत्वपूर्ण वैश्विक व क्षेत्रीय मुद्दों पर ‘‘उपयोगी विचारों'' का आदान-प्रदान करेंगे.

  10. अपनी यात्रा के आखिरी पड़ाव पर प्रधानमंत्री वाशिंगटन के सभी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद 24 सितंबर की शाम न्यूयॉर्क पहुंचेंगे जहां वह अगले दिन यूएनजीए के 76वें सत्र को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं अपनी यात्रा का समापन संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने एक भाषण के साथ करूंगा, जिसमें वैश्विक चुनौतियां खासकर कोविड-19 महामारी, आतंकवाद से निपटने की आवश्यकता, जलवायु परिवर्तन और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया है.''

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi, PM Modi US Visit, PM Modi In USA, PM Modi Quad Summit, Pm Modi And Joe Biden
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com