प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज किसानों को बड़ा तोहफा दिया. उन्होंने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना' की शुरुआत की. इसके तहत 1.1 लाख किसानों के खाते में योजना की पहली किश्त के पैसे सीधे ट्रांसफर हो गए. पीएम ने कहा कि बाकी किसानों को भी इसी तरह पहली किश्त के पैसे कुछ हफ्तों में मिल जाएंगे. यह तो अभी शुरुआत है. हर वर्ष 75000 करोड़ रुपये किसानों के खाते में सीधे पहुंचने वाले हैं. पीएम मोदी ने कहा कि राज्य सरकारों को कुछ नहीं करना है, बस ईमानदारी से सही सूची बनानी है और लिस्ट हमें देनी है. जितनी जल्दी सूची आ जाएगी, उतना अच्छा होगा. पीएम ने कहा कि ऐसी भी कुछ राज्य सरकारें हैं जिनकी नींद अभी खुली नहीं है. पीएम ने कहा कि अगर इन राज्यों के किसान लाभ से वंचित रह गए तो उनकी बद्दुआएं आपकी राजनीति खत्म कर देंगी. योजना को लेकर किसी के बहकावे में न आएं. महामिलावटी लोगों ने योजना के बारे में सुना तो चेहरा लटक गया था. अब झूठ बोल रहे हैं. यह उनकी जन्मजात आदत है.