Parliament Winter Session Highlights:संसद के दोनों सदनों में 12 सांसदों के निलंबन के मुद्दे पर गतिरोध जारी है. गांधी प्रतिमा के सामने निलंबित सांसदों का धरना आज भी जारी है. इनके धरने के बीच बीजेपी के 8 से 10 सांसद भी लोकतंत्र बचाने के नाम पर प्रदर्शन करने पहुंचे . दोनों ओर से नारेबाजी हुई . विपक्ष के सांसदों ने कहा कि हम शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं, ये हंगामा करने के लिए आये हैं. ये गोडसे के हैं, गांधी के नहीं. हम माफी नही मांगेंगे. वहीं बीजेपी के जफर इमाम ने कहा कि हमलोग लोकतंत्र बचाने के लिए आए हैं. इस संबंध में सांसद मनोज झा ने कहा है कि 12 सांसद गांधी प्रतिमा पर विरोध कर रहे हैं. आज वहां बीजेपी सांसद भी गए हैं. बिना आमंत्रण के ऐसे पहुंचना, इन सांसदों के लोकतांत्रिक अधिकार छीनने जैसा है. बता दें कि पिछले मानसून सत्र में अशोभनीय आचरण के आरोप में इनको निलंबित किया गया है.
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया (Mansukh Mandaviya) ने लोकसभा में कहा कि हमने 21 अगस्त को सभी राज्यों से पूछा था कि कोविड-19 संकट के दौरान ऑक्सीजन की कमी से कितनी मौतें हुईं ? सिर्फ 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने अपनी रिपोर्ट भेजी है. केवल पंजाब ने लिखित में माना है कि 4 सस्पेक्टेड डेथ हुआ है. उन्होंने कहा कि मुझे दुख से बताना पड़ रहा है कि ऑक्सीजन संकट पर राजनीति हुई . कुछ राज्यों ने डिमांड ज्यादा दिखाया और कोर्ट से आर्डर ले आए. दिल्ली की सड़कों पर ऑक्सीजन टैंकर घूमता हुआ दिखा, जबकि दूसरे जगहों पर ऑक्सीजन की डिमांड ज्यादा थी.
गौरतलब है कि गुरुवार को निलंबित सांसदों ने गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया था. उनके समर्थन में विपक्षी दलों के सांसद हाथ मे काली पट्टी बांधकर पहुंचे थे. सांसदों का कहना था कि तानाशाही नहीं चलेगी. सरकार समाधान के लिए कोई प्नयास नहीं कर रही है. वहीं उनके इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी शामिल हुए थे. वह भी सांसदों के साथ धरने पर बैठ गए थे.
महंगाई के मुद्दे पर विपक्ष गुरुवार को सरकार पर निशाना साधता हुआ नजर दिखाई दिया था. कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में महंगाई पर चर्चा की मांग की थी. लेकिन इसकी राज्यसभा के उपसभापति ने अनुमति नहीं दी थी. इसके बाद कांग्रेसी सांसदों ने राज्यसभा से वॉकआउट किया था.