विज्ञापन
This Article is From Aug 17, 2014

अमर सिंह की सपा में वापसी की कोई सम्भावना नहीं : रामगोपाल यादव

अमर सिंह की सपा में वापसी की कोई सम्भावना नहीं : रामगोपाल यादव
फाइल फोटो
मैनपुरी:

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने पार्टी के पूर्व ताकतवर नेता अमर सिंह की सपा में वापसी की सम्भावनाओं को सिरे से खारिज करते हुए रविवार को कहा कि पार्टी के अंदर इस मुद्दे को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।

यादव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में एक सवाल पर कहा 'अमर सिंह को सपा में वापस लिए जाने की कोई सम्भावना नहीं है। अभी तक पार्टी में किसी भी स्तर पर यह मामला उठाया ही नहीं गया है।'

गौरतलब है कि कभी सपा में दूसरे नम्बर के नेता की हैसियत रखने वाले और बाद में पार्टी से निकाले गए अमर सिंह हाल में लखनऊ में जनेश्वर मिश्र स्मारक पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम में सपा के मंच पर नजर आए थे। उन्होंने सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की शान में कसीदे पढ़े थे, जिसके बाद उनकी सपा में वापसी की अटकलें लगने लगी थीं।

मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए सपा की तैयारियों का जायजा लेने आए यादव ने प्रदेश में साम्प्रदायिक हिंसा की बढ़ती वारदात के बारे में पूछे जाने पर आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान बसपा और भाजपा ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए साम्प्रदायिक उन्माद पैदा किया, लेकिन जनता अब उन्हें समझ चुकी है।

राज्य के नगर विकास एवं वक्फ मंत्री आजम खां तथा शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद के बीच जारी ज़बानी जंग के बारे में यादव ने कहा कि इसका सपा से कोई लेना-देना नहीं है।
सपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'फोबिया' अब खत्म हो चुका है। यह इसी बात से जाहिर है कि भाजपा प्रदेश में कई सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अब तक अपने प्रत्याशी घोषित नहीं कर सकी है।

उन्होंने दावा किया कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव द्वारा रिक्त की गई मैनपुरी सीट पर पार्टी रिकॉर्ड मतों से जीतेगी। इस सीट पर तेज प्रताप सिंह सपा के टिकट पर उपचुनाव लड़ रहे हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
समाजवादी पार्टी, रामगोपाल यादव, अमर सिंह, समाजवादी पार्टी में वापसी, Samajwadi Party, RamGopal Yadav, Amar Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com