विज्ञापन
This Article is From Apr 28, 2019

जिन्ना ने आजादी की लड़ाई में बड़ा योगदान दिया, वह मुस्लिम सिर्फ इसलिए शत्रुघ्न सिन्हा को देश विरोधी कहा जा रहा है : माजिद मेमन

माजिद मेमन ने कहा, 'अमित शाह को एक बात ध्यान रखना चाहिए कि कल तक शत्रुघ्न सिन्हा उन्हीं के साथ थे. अगर वह कुछ देश विरोधी बोलते हैं तो यह उनकी शिक्षा है'.  

जिन्ना ने आजादी की लड़ाई में बड़ा योगदान दिया, वह मुस्लिम सिर्फ इसलिए शत्रुघ्न सिन्हा को देश विरोधी कहा जा रहा है : माजिद मेमन
एनसीपी नेता माजिद मेमन ने शत्रुघ्न सिन्हा के बयान का समर्थन किया.
नई दिल्ली:

बिहार की पटना साहिब सीट से कांग्रेस प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा  की ओर से  मोहम्मद अली जिन्ना को लेकर दिए गए बयान पर सफाई के बाद अब एनसीपी नेता माजिद मेमन उनके समर्थन में आ गए हैं. माजिद मेमन का कहना है कि जिन्ना ने आजादी का लड़ाई में बड़ा योगदान दिया था. लेकिन सिर्फ इसलिए कि वह मुस्लिम थे, इसलिए आप नाराज हो गए और शत्रुघ्न  सिन्हा को देश विरोधी कहने लगे. माजिद मेमन ने कहा, 'अमित शाह को एक बात ध्यान रखना चाहिए कि कल तक शत्रुघ्न सिन्हा उन्हीं के साथ थे. अगर वह कुछ देश विरोधी बोलते हैं तो यह उनकी शिक्षा है'.  आपको बता दें कि बीते शुक्रवार को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कांग्रेस का प्रचार करने पहुंचे शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "कांग्रेस परिवार महात्मा गांधी से लेकर सरदार वल्लभ भाई पटेल, मो. अली जिन्ना से लेकर जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी और राहुल गांधी, इनसे पहले सुभाषचंद्र बोस, इनकी पार्टी है. जिनका देश विकास, देश की तरक्की में, देश की आजादी में सबसे महत्वपूर्ण और सबसे बड़ा योगदान है. यही कारण है कि मैं यहां आया हूं और पहली और आखिरी बार कांग्रेस पार्टी में आ गया हूं तो वापस मुड़कर कहीं नहीं जाऊंगा." हालांकि बाद में उन्होंने इस पर सफाई दी कि उनकी जुबान फिसल गई थी. 

मोहम्मद अली जिन्ना वाले बयान पर अब शत्रुघ्न सिन्हा ने दी सफाई

लेकिन उनके इस बयान पर जद-यू के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने सिन्हा के बयान की निंदा करते हुए कहा कि देश के लोग जिन्ना को कतई माफ नहीं कर सकते.  उन्होंने कहा, "जिन्ना भारतीय स्वाधीनता संग्राम के सबसे बड़े खलनायक हैं. अविभाजित भारत का विभाजन जिन्ना की महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए हुआ. लाखों भारतीयों का विस्थापन एवं सरहद के दोनों तरफ हुए रक्तपात के लिए जिन्ना को कतई माफी नहीं मिल सकती."

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने भी  शनिवार को शत्रुघ्न सिन्हा पर पाकिस्तान के संस्थापक जिन्ना की तारीफ करने को लेकर निशाना साधा. ओडिशा के मयूरभंज लोकसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, "शत्रुघ्न सिन्हा को कांग्रेस में गए ज्यादा दिन नहीं हुए हैं और अब वो कह रहे हैं कि जिन्ना भी महात्मा गांधी और सरदार पटेल की तरह एक महान व्यक्ति था. कांग्रेस के नेता अब जिन्ना की तारीफ कर रहे हैं जिसने देश के टुकड़े करवा दिए. यह उनका चरित्र है."


जिन्ना को लेकर दिए बयान पर शत्रुघ्न सिन्हा ने दी सफाई​

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lok Sabha Elections 2019, Lok Sabha Polls 2019, Majeed Memon News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com