दिल्ली में गर्मी की दस्तक, 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा

नई दिल्ली:

दिल्ली में कुछ देर से ही सही लेकिन गर्मी ने दस्तक दे दी है। रविवार को राजधानी का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक सबसे अधिक तापमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह इस मौसम के लिए सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ज़्यादा है। वहीं सोमवार को भी अधिकतम 41 डिग्री के करीब रहने का अनुमान है।

इसके अलावा राजस्थान के पश्चिमी भाग में भी गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी भाग के अधिकतर स्थानों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। बाडमेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और चूरू में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस से 44.5 डिग्री सेल्सियस के मध्य दर्ज किया गया।

धूल भरी गर्म हवाओं के कारण जैसलमेर, बाडमेर, बीकानेर और चूरू में आम जन जीवन प्रभावित हुआ है। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री उपर 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतर स्थानों में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना जताई है।