यह ख़बर 02 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

असम में कांग्रेस को तीसरा मौका दें : मनमोहन

खास बातें

  • प्रधानमंत्री ने असम में मतदाताओं से आग्रह किया कि वे विपक्ष के झूठे वादों में न आएं और कांग्रेस को राज्य में शासन करने का तीसरा मौका दें।
धकुआखाना (असम):

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने असम में मतदाताओं से आग्रह किया कि वे विपक्ष के झूठे वादों में न आएं और कांग्रेस को राज्य में शासन करने का तीसरा मौका दें। पूर्वी असम के धकुआखाना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, असम के लोगों से मेरा आग्रह है कि 10 वर्षों के दौरान राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस को एक और मौका दें और अगप (असम गण परिषद) तथा भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के बहकावे में न आएं। सिंह असम में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली को संबोधित करने के बाद वह नई दिल्ली लौट गए। राज्य में प्रथम चरण का मतदान सोमवार को होगा। सिंह ने कहा, कांग्रेस 2001 में जब सत्ता में आई थी, तो राज्य की आर्थिक स्थिति लड़खड़ा रही थी। हमें असम को इस बिंदु पर लाने में वाकई में कड़ी मेहनत करनी पड़ी, जहां हम गर्व के साथ दावा कर सकते हैं कि राज्य की अर्थव्यवस्था अब सही रास्ते पर है। प्रधानमंत्री ने कहा, अगप के शासन के दौरान असम में विकास कार्य बिल्कुल ठप था। कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब थी। मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के 10 वर्षों के शासन की तारीफ करते हुए सिंह ने कहा कि असम के लोगों को विकास और स्थिरता के लिए वोट देना चाहिए। उन्होंने कहा, हमारी पार्टी आम आदमी की पार्टी है और तरुण गोगोई की सरकार विकास की गति बढ़ाने तथा असम में शांति कायम करने में सफल हुई है। मनमोहन सिंह ने प्रतिबंधित युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) के साथ शांति वार्ता का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार असम में आतंकवाद को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, उल्फा के साथ शांति वार्ता अच्छी शुरुआत है। सभी आतंकी समूहों के साथ शांति वार्ता के लिए हमारे दरवाजे खुले हुए हैं। हम चाहते हैं कि आतंकी, हिंसा त्याग कर बातचीत के लिए आगे आएं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com