सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को वेब रत्न पुरस्कार

अरुण जेटली की फाइल फोटो

नई दिल्ली:

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को समग्र वेब उपस्थिति के लिए वेब रत्न पुरस्कार, 2014 के तहत प्लेटिनम आइकन पुरस्कार से नवाजा गया है। केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने बुधवार को मंत्रालय को यह पुरस्कार प्रदान किया।

इस दौरान संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव आर. एस. शर्मा मौजूद थे। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव बिमल जुल्का की ओर से यह पुरस्कार विभाग की संयुक्त सचिव आर. जया ने ग्रहण किया। पुरस्कार लेते समय उनके साथ मंत्रालय की न्यू मीडिया टीम भी मौजूद थी।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय को यह पुरस्कार सोशल मीडिया साइटों पर अपनी अहम मौजूदगी दर्ज कराने के लिए दिया गया। इस मौजूदगी की वजह से यूजर विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सूचना प्रसारण मंत्रालय से जुड़ी खबरों और गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां हासिल कर सकते हैं।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय की वेबसाइट जीआईजीडब्ल्यू गाइडलाइन का पालन करती है। यह विभिन्न हिस्सेदारों को मंत्रालय द्वारा जारी नीतियों और निर्देशों के बारे में जानकारी तक पहुंचने में मदद करती है। वेबसाइट का अंग्रेजी के अलावा समर्पित हिन्दी संस्करण भी है। यह वेबसाइट कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम (सीएमएस) पर आधारित है।

संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने वेब रत्न पुरस्कारों की स्थापना की है। इसके तहत ई-गवर्नेस के क्षेत्र में विभिन्न राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की ओर से की गई पहल और चलन की पहचान की जाती है। सरकार आईसीटी के बेहतर इस्तेमाल के जरिए सूचनाओं और सेवाओं को पहुंचाने की कोशिश में लगी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वेब रत्न पुरस्कार के जरिए ई-गवर्नेंस के इन्हीं प्रयासों की पहचान की जाती है। ऐसे व्यक्तिगत और संस्थागत प्रयासों को पुरस्कृत और स्वीकृत करने के लिए ही वेब रत्न पुरस्कार शुरू किए गए हैं। इससे सरकार को बेहतर गवर्नेस की दिशा में मदद मिली है। वेब रत्न पुरस्कारों की स्थापना 2009 में हुई थी।