विज्ञापन
This Article is From May 14, 2020

रेलवे 22 मई से स्पेशल ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट शुरू करेगा

देश में जारी कोरोना संकट के बीच रेलवे की तरफ से एक और बड़ी खबर सामने आ रही है. रेलवे अब स्पेशल ट्रेनों में 22 मई से वेटिंग टिकट की शुरुआत करेगा. 

रेलवे 22 मई से स्पेशल ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट शुरू करेगा
रेलवे 22 मई से स्पेशल ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट शुरू करेगा.
नई दिल्ली:

देश में जारी कोरोना संकट के बीच रेलवे की तरफ से एक और बड़ी खबर सामने आ रही है. रेलवे अब स्पेशल ट्रेनों में 22 मई से वेटिंग टिकट की शुरुआत करेगा. रेलवे बोर्ड ने बुधवार को न केवल अपनी वर्तमान विशेष ट्रेनों, बल्कि आगामी सभी ट्रेनों में यात्रा के लिए 22 मई से प्रतीक्षा सूची का प्रावधान शुरू करने संबंधी आदेश जारी किया. वर्तमान विशेष ट्रेनों में केवल कंफर्म टिकट बुक किये जा रहे हैं, वहीं 22 मई से शुरू हो रही यात्राओं के वास्ते 15 मई से टिकटों की बुकिंग में प्रतीक्षा सूची में टिकट बुक कराने का प्रावधान होगा. अब 1 AC में 20, एग्जीक्यूटिव क्लास में 20, 2AC में 50, 3AC में 100, AC चेयर कार में 100 और स्लिपर में 200 तक वेटिंग टिकट काटे जाएंगे. 

रेलवे के जोनों को भेजे गए बोर्ड के इस आदेश में संकेत दिया गया है कि रेलवे वर्तमान वातानुकूलित ट्रेनों के बजाय मिश्रित सेवाएं शुरू करने की योजना बना रहा है. इसका यह भी मतलब है कि बड़े शहरों के साथ साथ छोटे शहरों के लिए भी सेवाएं शुरू की जा सकती हैं. फिलहाल राजधानी स्पेशल बड़े शहरों के लिए सेवाएं मुहैया करा रही है.

मालूम हो कि इससे पहले रेलवे ने विशेष ट्रेन में यात्रा करने को लेकर कुछ जरूरी दिशानिर्देश भी जारी किए थे. इसके अनुसार यात्रा से पहले सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग होगी और उन्हें फेस कवर लगाना अनिवार्य होगा. यात्रियों के शरीर का तापमान भी जांचा जाएगा. ऐसे यात्री जो बुखार आदि से पीड़ि‍त है, यह यात्रा नहीं कर सकेंगे. इसके अलावा जिस यात्री में कोरोना वायरस के कोई भी लक्षण पाए जाएंगे, उसे यात्रा की इजाजत नहीं दी जाएगी. 

बता दें कि इस बीच देश में कोरोनावायरस (Coronavirus) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. यहां Covid-19 संक्रमितों का कुल आंकड़ा बढ़कर 74,000 के पार पहुंच गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोनावायरस से अब तक 2415 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि संक्रमितों की संख्या 74,281 हो गई है. वहीं, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3525 नए मामले सामने आए हैं और 122 लोग इसकी वजह से जान गंवा चुके हैं. इस बीमारी से अब तक 24386 मरीज ठीक हो चुके हैं. वहीं, रिकवरी रेट लगातार सुधर कर 32.82  प्रतिशत पर पहुंच गया है. कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश में लॉकडाउन (Lockdown) लगाया गया है, जो 17 मई तक प्रभावी रहेगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Railways, Coronavirus, Shatabdi Express, Mail And Express Trains
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com