खुशखबरी : चीन के मुकाबले भारत में भ्रष्टाचार कम है - रिपोर्ट

खुशखबरी : चीन के मुकाबले भारत में भ्रष्टाचार कम है - रिपोर्ट

चीन के मुकाबले भारत में भ्रष्टाचार कम है, हालांकि यह अंतर ज्यादा नहीं है। ऐसा कहना है भ्रष्टाचार निरोधक संस्था ट्रांसपेरेंसी इंटरनैशनल का जिसने 175 देशों के अध्ययन के बाद भारत को 85वें और चीन को 100वें स्थान पर जगह दी है। इस संस्था का कहना है कि 'विशेषज्ञों की राय' के आधार के बाद दुनिया भर में सार्वजनिक क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के स्तर को नापा जाता है।

100 तक की रेटिंग में भारत ने 38 अंक स्कोर किए हैं, वहीं चीन ने 36 का आंकड़ा छुआ है। संस्था का कहना है कि किसी भी देश ने एकदम आदर्श स्कोर हासिल नहीं किया है और 0 (सबसे ज्यादा भ्रष्ट) से 100 (एकदम साफ छवि) के स्केल के बीच दो तिहाई से ज्यादा देश ने 50 से कम ही स्कोर किया है।

चीन को पछाड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर की रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की रैंकिंग दिखाती है कि भारत से भ्रष्टाचार दूर हो रहा है। पीएम ने कहा '17 महीने पहले हम सत्ता में आए थे, उससे पहले दुनिया भर ने भारत को नज़र अंदाज़ करना शुरु कर दिया था। आज भारत न सिर्फ चीन के साथ बराबरी कर रहा है, बल्कि उसे कई मामलों में पीछे भी छोड़ रहा है।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अपनी बात पूरी करते हुए पीएम ने कहा कि 50 साल में पहली बार ट्रांसपेरेंसी इंटरनैशनल ने कहा है कि भारत देश, चीन से कम भ्रष्ट है, ये बड़ी बात है। इस रिपोर्ट में जहां भारत 85वें स्थान पर हैं, वहीं डेनमार्क को 92 स्कोर के साथ सबसे कम भ्रष्ट देश बताया गया है। सोमालिया और उत्तरी कोरिया को 8 अंक के साथ सबसे ज्यादा भ्रष्ट देश  बताया गया है।