विज्ञापन
This Article is From Jan 05, 2020

केरल की चेरुवल्लि मुस्लिम जमात मस्जिद के परिसर में होगा हिंदू विवाह!

मस्जिद समिति दुल्हन अंजू को 10 तोला सोना और दो लाख रुपये शादी के उपहार के रूप में देगी, 19 जनवरी को बिंदु और अंजू का होगा विवाह

केरल की चेरुवल्लि मुस्लिम जमात मस्जिद के परिसर में होगा हिंदू विवाह!
प्रतीकात्मक फोटो.
  • मस्जिद में शादी हिंदू रीति-रिवाजों से कराई जाएगी
  • करीब 1000 लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई
  • दुल्हन के गरीब परिवार ने मस्जिद समिति की मदद मांगी थी
अलप्पुझा (केरल):

केरल के एक मस्जिद में जल्द ही एक हिंदू विवाह संपन्न कराया जाएगा जो अपने आप में एक दुर्लभ बात है. चेरुवल्लि मुस्लिम जमात मस्जिद के परिसर में 19 जनवरी को बिंदु और दिवंगत अशोकन की बेटी अंजू (22) की शादी हिंदू रीति-रिवाज से होगी. आर्थिक रूप से गरीब दुल्हन के परिवार ने शादी के लिए मस्जिद समिति की मदद मांगी थी.

चेरुवल्लि जमात समिति के सचिव नुजुमुद्दीन अलुमुट्टिल ने पीटीआई भाषा को बताया, "मस्जिद समिति अंजू को 10 तोला सोना और दो लाख रुपये शादी के उपहार के रूप में देगी. शादी हिंदू रीति-रिवाजों से होगी. हमने लगभग 1,000 लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की है." उन्होंने कहा कि परिवार मस्जिद के पास ही रहता है और 2018 में अशोकन की मौत के बाद परिवार को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.

उन्होंने कहा, “मैंने उनके छोटे बच्चे की पढ़ाई में व्यक्तिगत रूप से मदद की है.'' नुजुमुद्दीन ने कहा, “शादी का खर्च बहुत अधिक होने के कारण परिवार ने मस्जिद समिति से मदद का अनुरोध किया था. इसलिए, समिति ने परिवार की सहायता करने का निर्णय लिया.”

दूल्हा शरत शशि की 19 जनवरी को सुबह 11.30 से 12.30 बजे के बीच मस्जिद परिसर में अंजू से शादी होगी. सोशल मीडिया में वायरल हुए शादी के कार्ड में जमात समिति ने कहा है कि वह परिवार के अनुरोध पर शादी का आयोजन कर रही है और उसमें सभी को समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित भी किया गया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hindu Marriage In Mosque
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com