यह ख़बर 20 अक्टूबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

दिल्ली में चुनी हुई सरकार होनी ही चाहिए : दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष सतीश उपाध्याय

नई दिल्ली:

महाराष्ट्र और हरियाणा में मिली जीत से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अब दिल्ली में भी चुनाव की तैयारी में है, और इस बात के संकेत बीजेपी की राज्य इकाई के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने एनडीटीवी से बातचीत में दिए।

हमारे संवाददाता शरद शर्मा की सतीश उपाध्याय से बातचीत के दौरान साफ संकेत मिले कि दिल्ली में जल्द चुनाव करवाए जा सकते हैं। सतीश उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली के लिए जो भी बेहतर होगा, पार्टी वही करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र तथा हरियाणा के विधानसभा चुनाव परिणामों से पार्टी का उत्साह बढ़ा है, और उन्हें यकीन है कि हरियाणा के नतीजों का असर दिल्ली में भी दिखेगा।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री तथा आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए सतीश उपाध्याय ने कहा, वह मैदान छोड़कर भागने वालों में से हैं, और उन्हें हकीकत का एहसास हो जाना चाहिए। अरविंद केजरीवाल द्वारा बीजेपी पर लगाए गए तोड़फोड़ के आरोपों के बारे में दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी को तोड़फोड़ करनी होती तो पहले ही कर ली होती, इसलिए हमारी सलाह है कि आम आदमी पार्टी पहले अपना घर संभाले।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सतीश उपाध्याय का कहना था कि कुछ नेताओं की वजह से दिल्ली की ऐसी हालत है, और अब दिल्ली में चुनी हुई सरकार होनी ही चाहिए, और चूंकि महाराष्ट्र-हरियाणा के नतीजों से पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है, इसलिए बीजेपी चुनाव के लिए तैयार है। सतीश के मुताबिक, हरियाणा-महाराष्ट्र के नतीजों से स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में जनता का विश्वास बढ़ा है।