Coronavirus India Updates: स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि देश में अब तक कोविड-19 की 14.8 करोड़ से ज्यादा जांच हो चुकी है, कुल संक्रमण दर भी घटकर 6.5 प्रतिशत हो गई है. देश में कोविड-19 के कुल उपचाराधीन मरीजों में 54 प्रतिशत मरीज महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, दिल्ली के हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, 'मध्य सितंबर के बाद से भारत में कोविड-19 के मामलों में गिरावट आ रही है जबकि कई देशों में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं. कोविड-19 टीकाकरण की तैयारी के संबंध में को-विन सॉफ्टवेयर पर अग्रिम मोर्चे के स्वास्थ्यकर्मियों के बारे में आंकड़ा अपलोड किया जा रहा है.' भारत में पिछले 24 घंटे में करीब पांच महीने बाद मंगलवार को कोविड-19 के 27 हजार से कम नए मामले सामने आए. इसके साथ देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 97 लाख के पार चले गए, जिनमें से 91.78 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, कोविड-19 के 26,567 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 97,03,770 हो गए. वहीं 385 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,40,958 हो गई. आंकड़ों के अनुसार देश में 91,78,946 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही, मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 94.59 प्रतिशत हो गई. वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है. देश में लगातार दूसरे दिन उपचाराधीन लोगों की संख्या चार लाख से कम है. अभी 3,83,866 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 3.96 प्रतिशत है. भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी. वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार चले गए थे.
पूरी स्टोरी पढ़ें
Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world
Coronavirus India Report, Covid 19 Live Updates, Coronavirus