यह ख़बर 03 जुलाई, 2013 को प्रकाशित हुई थी

झारखंड : जेएमएम-कांग्रेस में साझा सरकार बनाने पर समझौता : सूत्र

खास बातें

  • सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी ने भी समझौते को हरी झंडी दिखा दी है, जो फैसला हुआ है, उसके हिसाब से नई सरकार में हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री होंगे।
नई दिल्ली:

झारखंड में सरकार बनाने को लेकर कांग्रेस और झारखंड मुख्ति मोर्चा में समझौता हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी ने भी समझौते को हरी झंडी दिखा दी है, जो फैसला हुआ है, उसके मुताबिक, नई सरकार में हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री होंगे। अहम बात यह है कि दोनों दलों में सिर्फ विधानसभा नहीं, लोकसभा चुनावों को लेकर भी समझौता हुआ है।

सूत्र बता रहे हैं कि झारखंड की लोकसभा सीटों में 10 पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी और चार पर जेएमएम के उम्मीदवार होंगे। कांग्रेस ने इसी मामले को लेकर आज बैठक भी की थी जिसमें सोनिया गांधी के अलावा अहमद पटेल, एके एंटनी, शकील अहमद, जयराम रमेश और बीके हरिप्रसाद जैसे नेता भी मौजूद थे।

गौरतलब है कि कांग्रेस राज्य में एक वैकल्पिक सरकार बनाने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन बनाने की दिशा में इसलिए आगे बढ़ रही है, क्योंकि उसका मुख्य उद्देश्य अगले साल 14 लोकसभा सीटों में से ज्यादातर को जीतने के लिए प्रयास करना है। इस प्रक्रिया के तहत झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख शिबू सोरेन के बेटे हेमंत सोरेन ने मंगलवार रात वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एके एंटनी तथा अहमद पटेल से मुलाकात की और इस दौरान दोनों ही पार्टियों के नेताओं ने गठबंधन के तौर-तरीकों पर चर्चा की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस नेतृत्व ने सोरेन को स्पष्ट कर दिया है कि उनका मुख्य ध्यान अगले लोकसभा चुनावों के लिए चुनाव पूर्व सीटों के बंटवारे पर है और उसे झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा सुझाए गए स्वच्छ छवि वाले नेता के मुख्यमंत्री बनाए जाने पर कोई दिक्कत नहीं है। इस बैठक में यह भी विचार किया गया कि झारखंड में सरकार बनाने के लिए जरूरी संख्या किस तरह से जुटाई जाए, जहां राष्ट्रपति शासन 18 जुलाई को समाप्त हो रहा है।