विज्ञापन
This Article is From Dec 29, 2014

देश के उत्तरी भाग में ठंड ने ढाया कहर, दिल्ली में तीन की मौत

ठंड में आग तापता एक गरीब परिवार

नई दिल्ली:

दिल्ली में ठंड की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि मरने वालों की उम्र 50 से 60 साल के बीच है। इसमें से एक व्यक्ति का शव गुरु तेग बहादुर अस्पताल के बाहर मिला। जबकि दो अन्य लोगों की मौत कीर्ति नगर और बापा नगर में हुई।

शनिवार को करनाल में ठंड की वजह से तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि बिहार के सहरसा में शुक्रवार को ठंड की वजह से छह लोगों की मौत की ख़बर आई थी।

ठंड की वजह से पूरे उत्तर भारत में पारा सामान्य से 3 से 4 डिग्री नीचे चल रहा है।

दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और घना कोहरा भी है। कोहरे की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क यातायात पर बुरा असर पड़ा है और गाड़ियां पूरे एनसीआर में रेंग रेंग कर चल रही हैं। कोहरे का असर ट्रेन और हवाई यातायात पर भी पड़ा है।

कल दिल्ली का तापमान 2.6 डिग्री दर्ज़ किया गया था। साथ ही कल सबसे ज़्यादा कोहरा भी देखने को मिला। जिसकी वजह से 11 बजे तक उड़ानों की आवाजाही थमी रही। आज भी कोई भी विमान उड़ान नहीं भर पा रहा है। आज सुबह दिल्ली आने वाली क़रीब 78 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। जबकि 20 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। वहीं, दिल्ली एयर पोर्ट पर करीब 137 उड़ानों पर भी असर पड़ा है।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी ठंड से लोगों की जीवन प्रभावित हुआ है। जगह-जगह पर लोग सर्दी से बचने के लिए अलावा जला आग तापते हुए देखे जा सकते हैं। हालंकि हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने से बड़ी संख्या में पयर्टक भी यहां पहुंच रहे हैं। नए साल को देखते हुए भी बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला और दूसरे हिल स्टेशनों पर पहुंच रहे हैं।

कानपुर में भी कड़ाके की ठंड से बुरा हाल है। आज सुबह से ही यहां घना कोहरा है, जिसकी वजह से कुछ इलाके में विज़िबलिटी शून्य तक पहुंच गई है। कोहरे और कड़ाके की ठंड की वजह से लोगों का आम जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। कानपुर में भी ट्रेनों की आवाजाही में बहुत देरी हो रही है। यहां रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों की तादाद में लोग अपनी ट्रेन का इंतज़ार कर रहे हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सर्दी, देश में ठंड, दिल्ली में ठंड, रेल यातायात, हवाई यातायात, Cold Waves, Delhi Cold, Railways, Flights
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com