यह ख़बर 09 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

मौसम ने फिर ली करवट, ठंड बढ़ी

खास बातें

  • समूचे उत्तर भारत में एक बार फिर से ठंड बढ़ गई है। पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से ठंड फिर से लौट आई है।
नई दिल्ली / मुंबई:

समूचे उत्तर भारत में एक बार फिर से ठंड बढ़ गई है। पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से ठंड फिर से लौट आई है। मौसम के बदले मिजाज का असर दिल्ली और आसपास के राज्यों में भी देखा जा सकता है। दिल्ली में आज सुबह पारा 4 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले पांच साल में फरवरी में बुधवार की रात सबसे ठंडी रात रही। इससे पहले 2007 में फरवरी माह में दिल्ली का तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया था। दिल्ली में कल सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं। हालांकि दिन में धूप तो निकल रही है, लेकिन इसका असर होता नहीं दिखाई दे रहा है।

हिमाचल प्रदेश में मंगलवार रात से हो रही बर्फबारी से पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। शिमला, कुल्लू और मंडी समेत कई जिलों में बर्फबारी से जनजीवन ठहर गया है। यही हाल उत्तराखंड के कई जिलों का भी है। उत्तरकाशी में बर्फबारी से गंगोत्री घाटी के करीब एक दर्जन गांवों का संपर्क टूट गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उधर, मुंबई में भी ठंड एक बार फिर से लौट आई है। रात में मुबंई के सांताक्रूज उपनगर में पारा लुढ़ककर 8.8 डिग्री तक पंहुच गया। मुंबईकरों के लिए यह तापमान बहुत कम है। अमूमन मुबंई में इतनी ठंड नहीं होती, जितनी कि इस बार पड़ रही है। इससे पहले 2008 में यहां पारा 8.5 डिग्री तक चला गया था।