यह ख़बर 07 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

उप्र निकाय चुनाव : बजा भाजपा का डंका, कांग्रेस का सफाया

खास बातें

  • उत्तर प्रदेश में हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में करारी मात खाने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य के निकाय चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 नगर निगम सीटों में से नौ सीटों पर शानदार विजय हासिल की।
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश में हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में करारी मात खाने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य के निकाय चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 नगर निगम सीटों में से नौ सीटों पर शानदार विजय हासिल की वहीं दूसरी ओर कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया। समाजवादी पार्टी (सपा) समर्थित दो और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समर्थित एक उम्मीदवार को ही जीत मिल सकी।

भाजपा नेताओं ने इसे लोकसभा चुनाव के परिणामों का संकेत बताया है। मुरादाबाद में मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए नकवी ने कहा, चुनाव के बाद अब जिस तरह के नतीजे सामने आए हैं उससे ऐसा लगता है कि जनता विरोधी पार्टियों से हताश और निराश है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के नतीजे वर्ष 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव के परिणामों का संकेत है। भाजपा अब पूरी तरह से लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है।

पार्टी की जीत से खुश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि यह जनता की जीत है। इस जीत से आत्मविश्वास बढ़ा है। इसके बाद अब हम दोगुने उत्साह के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएंगे।

इस बीच, राजधानी लखनऊ से भाजपा के सांसद लालजी टंडन ने पार्टी की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि नतीजों से साफ हो चुका है कि जनता बाकी दलों से तंग आ चुकी है। जनता का विश्वास भाजपा में बढा है और हम इस बात की आशा करते हैं कि लोकसभा चुनाव में पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी।

कांग्रेस का एक भी उम्मीदवार नगर निगम के महापौर पद की दौड़ में जीत हासिल नहीं कर पाया। कांग्रेस के इतर इलाहाबाद में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समर्थित उम्मीदवार ने जीत हासिल की जबकि बरेली में सपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार आईएस तोमर ने अपनी जीत का डंका बजाया।

राज्य के 12 नगर निगमों में से भाजपा ने वाराणसी, लखनऊ, आगरा, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, मुरादाबाद, मेरठ और अलीगढ़ में जीत का परचम लहराया।

राज्य की प्रतिष्ठित वाराणसी नगर निगम सीट से भाजपा के प्रत्याशी रामगोपाल मोहले अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को करीब 62 हजार मतों से पराजित किया वहीं दूसरी ओर मेरठ नगर निगम सीट से भाजपा उम्मीदवार हरिकांत अहलूवालिया ने 77 हजार मतों से जीत हासिल की है। कानपुर में भी भाजपा प्रत्याशी जगवीर सिंह द्रोण ने भारी मतों से जीत हासिल की।

लखनऊ नगर निगम सीट पर भाजपा के उम्मीदवार डा. दिनेश शर्मा लगातार दूसरी बार विजयी हुए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी और कांग्रेस के उम्मीदवार नीरज बोरा को लगभग एक लाख मतों से हराया है।

लखनऊ के अलावा आगरा नगर निगम सीट पर भी भाजपा के उम्मीदवार इंद्रजीत आर्य ने बसपा समर्थित उम्मीदवार करतार सिंह को 5000 मतों से पराजित किया।

गोरखपुर नगर निगम सीट पर भी भाजपा के प्रत्याशी ने अपना परचम लहराया है। भाजपा की उम्मीदवार सत्या पांडे ने कांग्रेस के सुरहीता करीम को 80 हजार से अधिक मतों से पराजित किया।

झांसी नगर निगम सीट से महापौर पद के लिए भाजपा की प्रत्याशी किरण वर्मा ने जीत हजार मतों से जी हासिल की है जबकि इलाहाबाद की प्रतिष्ठित नगर निगम सीट पर बसपा सरकार के दौरान मंत्री रहे नंदगोपाल नंदी की पत्नी अभिलाषा गुप्ता नंदी ने भाजपा उम्मीदवार कमला सिंह को करारी शिकस्त दी।

इसके अलावा बरेली सीट से सपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार आईएस तोमर ने जीत हासिल की है।

मुरादाबाद नगर निगम सीट से महापौर पद की भाजपा प्रत्शाशी वीणा अग्रवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पीस पार्टी के हूमांयू कादर को करीब 70,000 मतों से करारी शिकस्त दी है।

वीणा अग्रवाल ने जहां 99,237 मत हासिल किए वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी हूमायूं कादर को केवल लगभग 30 हजार मतों से ही संतोष करना पड़ा।

मुरादाबाद के अलावा अलीगढ़ नगर निगम सीट से महापौर पद की भाजपा प्रत्याशी शकुंतला भारती विजयी हुई हैं। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी रजिया खान को हराया है। भारती ने रजिया खान को लगभग 40 हजार से अधिक मतों से हराया है।

गाजियाबाद नगर निगम के महापौर पद के भाजपा प्रत्याशी तेलूराम आगे चल रहे हैं। यहां मतगणना में धांधली के आरोप को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

इससे पहले प्रदेश में चार चरणों में सम्पन्न हुए नगर निकाय चुनाव की मतणना शनिवार सुबह शुरू हो गयी। हालांकि बारिश और बिजली की सही आपूर्ति न होने की वजह से सूबे के कई जिलों में मतगणना का काम प्रभावित हुआ और उन जगहों पर मतगणना का काम देरी से शुरू हुआ।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

गाजियाबाद, मेरठ, कानपुर में बारिश की वजह से मतगणना का काम देरी से शुरू हुआ जिससे लोगों ने जमकर हंगामा किया।
सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतगणना केंद्रों पर पुलिस बलों की अतिरिक्त तैनाती की गयी थी। इन जगहों पर पुलिस की रैपिड एक्शन फोर्स को तैनात किया गया है।