यह ख़बर 21 जून, 2014 को प्रकाशित हुई थी

नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने को लेकर भिड़े सपा और भाजपा कार्यकर्ता

लखनऊ:

रेल किराये में बढ़ोत्तरी के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने को लेकर आज लखनऊ में विधानभवन के सामने सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों ओर से हुए पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक रेल किराये में कल की गई बढ़ोत्तरी के खिलाफ सपा कार्यकर्ता विधानभवन के सामने प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान जब उन्होंने प्रधानमंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश की तो नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय परिसर के अंदर से सपा कार्यकर्ताओं पर पथराव शुरू कर दिया। इस पर दूसरी ओर से भी जवाब दिया गया।

पथराव की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की लेकिन उग्र कार्यकर्ताओं के आगे उसे काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सूत्रों के मुताबिक करीब पौन घंटे तक हुए पथराव से तीन-चार पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। वहीं, भाजपा और सपा ने पथराव में अपने-अपने कार्यकर्ताओं के चोटिल होने के दावे किए हैं।

पथराव से आसपास खड़े कई वाहनों के शीशे टूट गए। इस दौरान विधानभवन मार्ग पर रास्ता जाम होने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बहरहाल, बाद में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता वहां से चले गए और स्थिति सामान्य हो गई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

घटना के बाद भाजपा के प्रांतीय अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि मोदी का पुतला फूंकने की कोशिश तथा भाजपा कार्यकर्ताओं पर पथराव करने वाले सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाए।