विज्ञापन

कैंसर कितने साल के बच्चों को हो सकता है? छोटे बच्चों को इन कैंसर के होने का सबसे ज्यादा रहता है खतरा

बच्चों को भी कैंसर हो सकता है. ये किसी भी उम्र में हो सकता है. डॉक्टर नरेंद्र का कहना है कि 1 साल से कम उम्र या फिर जन्मजात बच्चों को भी कैंसर होने की संभावना होती है. हालांकि, सही समय पर इन कैंसर का इलाज संभव हो सकता है. यहां जानते हैं इस बारे में विस्तार से-

कैंसर कितने साल के बच्चों को हो सकता है? छोटे बच्चों को इन कैंसर के होने का सबसे ज्यादा रहता है खतरा
Childhood Cancer : बच्चों को किस उम्र में कैंसर हो सकता है?

कई लोगों को लगता है कि कैंसर सिर्फ बड़े लोगों की बीमारी है, लेकिन सच ये है कि ये किसी भी उम्र में हो सकता है. यहां तक कि एक साल से कम उम्र के बच्चे में भी कैंसर विकसित हो सकता है. हालांकि, बच्चों में होने वाले कैंसर बड़ों के कैंसर से अलग होते हैं और कई मामलों में समय पर पहचान और सही इलाज मिलने पर पूरी तरह ठीक भी हो सकते हैं.

राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर में हेमेटो-ऑन्कोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट और यूनिट हेड डॉ. नरेंद्र अग्रवाल का कहना है कि बचपन में होने वाले कैंसरों का नैचर बड़ों से अलग होता है. कुछ कैंसर बच्चों में ज्यादा देखे जाते हैं. वहीं, कुछ कैंसर ऐसे भी हैं, जो बच्चों में लगभग ना के बराबर होते हैं.

बच्चों को कितने साल में कैंसर हो सकता है?

इस सवाल का जवाब देते हुए डॉ. नरेंद्र बताते हैं कि बच्चों को कैंसर किसी भी उम्र में हो सकता है. 1 साल से कम उम्र या फिर जन्मजात भी कैंसर हो सकता है. हालांकि, अगर समय पर कैंसर का इलाज हो, तो बच्चे पूरी तरह से ठीक हो सकते हैं.

बच्चों में सबसे ज्यादा कौन सा कैंसर होता है?

डॉ. नरेंद्र बताते हैं कि बच्चों में सबसे आम कैंसर एक्यूट लिम्फोब्लास्टिक ल्यूकेमिया (Acute Lymphoblastic Leukemia-ALL) है. ये एक प्रकार का ब्लड कैंसर है और काफी आक्रामक माना जाता है. अच्छी बात ये है कि सही और पूरा इलाज मिलने पर ये कैंसर बड़ी संख्या में बच्चों में पूरी तरह ठीक हो सकता है.

डॉ. अग्रवाल आगे बताते हुए कहते हैं की उच्च तीव्रता वाली और पर्याप्त कीमोथेरेपी के जरिए इसका सफल इलाज संभव है. आंकड़ों के अनुसार, एक्यूट लिम्फोब्लास्टिक ल्यूकेमिया से पीड़ित 80 से 85 प्रतिशत से अधिक बच्चे पूरी तरह ठीक हो सकते हैं.

बच्चों में होने वाले अन्य आम कैंसर कौन-कौन से हैं?

ब्लड कैंसर के बाद बच्चों में नॉन हॉजकिन लिम्फोमा (Non Hodgkin Lymphoma) और हॉजकिन लिम्फोमा (Hodgkin Lymphoma) भी अन्य कैंसर की तुलना में होने की संभावना अधिक होती है. ये लिम्फेटिक सिस्टम से जुड़े कैंसर हैं और इन्हें भी इलाज योग्य कैंसर माना जाता है. सही उपचार पूरा होने के बाद अधिकांश बच्चे सामान्य जीवन जी सकते हैं. इसके अलावा बच्चों में कुछ जन्मजात कैंसर भी हो सकते हैं, जो निम्न हैं-

  • रेटिनोब्लास्टोमा (Retinoblastoma), ये आंखों का कैंसर है. 
  • विल्म्स ट्यूमर (Wilms Tumor), ये किडनी का कैंसर है. 
  • न्यूरोब्लास्टोमा (Neuroblastoma), यह शरीर के विभिन्न अंगों में विकसित हो सकता है

हड्डियों और सॉफ्ट टिश्यू में होने वाले कैंसर?

बच्चों में हड्डियों और सॉफ्ट टिश्यू से जुड़े कैंसर भी हो सकते हैं. इनमें मुख्य रूप से-

  • ऑस्टियोसारकोमा (Osteosarcoma)
  • इविंग्स सारकोमा (Ewing's Sarcoma)

अन्य प्रकार के सारकोमा शामिल हैं. ये कैंसर आमतौर पर हड्डियों या शरीर के सॉफ्ट टिश्यू को प्रभावित करते हैं.

क्या बचपन का कैंसर पूरी तरह ठीक हो सकता है?

डॉ. नरेंद्र का कहना है कि आधुनिक चिकित्सा और सही समय पर ट्रीटमेंट की मदद से बचपन में होने वाले कई कैंसरों का सफल इलाज संभव है. मुख्य रूप से एक्यूट लिम्फोब्लास्टिक ल्यूकेमिया जैसे कैंसर में इलाज की सफलता दर काफी अच्छी है. पूरा उपचार मिलने के बाद अधिकतर बच्चे पूरी तरह से ठीक हो जाते हैं और वे आगे नॉर्मल जिंदगी जीते हैं.

ये भी पढ़ें - क्या 30 से पहले नहीं होता ब्रेस्ट कैंसर? डॉक्टर ने बताए जरूरी चेतावनी संकेत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Childhood Cancer, Childhood Cancer Cases, Childhood Cancer Due To Chemicals, Childhood Cancer Causes, Childhood Cancer Due To PFAS
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com