What Is The Right Time To Eat Kiwi: फलों को सेहत के लिए कितना फायदेमंद माना जाता है ये तो हम सभी जानते हैं. लेकिन कब और कौन से फल का सेवन करना चाहिए इस बारे में बहुत ही कम लोगों को जानकारी होती है. आज की हमारी भागदौड़ भरी जिंदगी और खराब खान-पान की वजह से पेट की समस्याएं जैसे कब्ज (Constipation) और कमजोर इम्यूनिटी एक आम बात हो गई है. अगर आप भी इन समस्याओं को दूर और शरीर को सेहतमंद रखना चाहते हैं, तो हाल ही में यूके के मशहूर सर्जन डॉ. करण राजन ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में एक ऐसी जानकारी शेयर की है. तो चलिए जानते हैं क्या है वो जानकारी.

डॉक्टर ने बताया कि हर सुबह सिर्फ दो कीवी खाने से न केवल आपका पेट साफ रहेगा, बल्कि आपकी बीमारियों से लड़ने की ताकत भी बढ़ जाएगी. डॉ. राजन के मुताबिक, अगर आप लगातार चार हफ्तों तक हर सुबह कीवी खाते हैं, तो यह आपके पेट के फंक्शन को काफी सुधार सकता है. उन्होंने इसके लिए बाकायदा एक क्लिनिकल रिसर्च (Clinical Research) का हवाला दिया है. दिलचस्प बात यह है कि डॉ. राजन ने कीवी की तुलना बाजार में मिलने वाले सबसे मशहूर फाइबर सप्लीमेंट 'इसबगोल' (Psyllium Husk) से की है.
क्या इसबगोल से भी बेहतर है कीवी?
अक्सर पेट साफ न होने पर डॉक्टर या घर के बड़े इसबगोल लेने की सलाह देते हैं. लेकिन डॉ. राजन ने जिस स्टडी का जिक्र किया, उसके नतीजे चौंकाने वाले थे: यह रिसर्च 184 लोगों पर की गई थी. इसमें एक ग्रुप को रोजाना दो कीवी खिलाए गए और दूसरे को इसबगोल दिया गया. चार हफ्तों बाद देखा गया कि जो लोग कीवी खा रहे थे, उनका पेट ज्यादा आसानी से साफ हो रहा था. कीवी खाने वालों को पेट में कम मरोड़, कम जोर लगाना पड़ा और वे अपने डाइजेशन से ज्यादा संतुष्ट नजर आए.
यह स्टडी इतनी असरदार रही कि यूरोपियन फूड सेफ्टी अथॉरिटी (EFSA) ने भी इस बात पर अपनी मुहर लगा दी है कि कीवी पेट की सेहत को सामान्य बनाए रखने में बहुत मददगार है.
कीवी इतना असरदार क्यों है?
डॉ. राजन ने समझाया कि कीवी के इसबगोल से बेहतर होने के पीछे एक खास वजह है उसका फाइबर कंपोजीशन.
- प्रीबायोटिक फाइबर- कीवी में 'सॉल्यूबल प्रीबायोटिक फाइबर' की मात्रा बहुत ज्यादा होती है. यह फाइबर हमारे पेट के अच्छे बैक्टीरिया का भोजन बनता है.
- बैक्टीरिया- इसबगोल सिर्फ पेट की गंदगी को इकट्ठा करके बाहर निकालने (Bulk formation) का काम करता है, लेकिन कीवी हमारे 'माइक्रोबायोम' (Microbiome) यानी पेट के कीटाणुओं की सेहत को भी सुधारता है.
- नेचुरल- अच्छा पेट सिर्फ पेट की गंदगी बाहर निकालने के बारे में नहीं है, बल्कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपके पेट के बैक्टीरिया कितने स्वस्थ हैं. कीवी इन्हीं बैक्टीरिया को ताकत देता है.
- इम्यूनिटी- कीवी के फायदे सिर्फ पेट तक ही सीमित नहीं हैं. यह विटामिन C, कैरोटेनॉयड्स और पॉलीफेनोल्स का खजाना है. ये सभी चीजें मिलकर आपके शरीर के सुरक्षा कवच (Immune System) को मजबूत बनाती हैं.
डॉ. राजन ने बताया कि खासकर बुजुर्गों के लिए कीवी बहुत फायदेमंद है. एक रिसर्च में देखा गया कि जो बुजुर्ग रोजाना दो गोल्ड कीवी खाते थे, उनमें सर्दी-जुकाम, गले की खराश और कंजेशन (नाक जाम होना) जैसी समस्याओं का असर बहुत कम रहा. हालांकि, कीवी खाने से लोग बीमार होना बंद नहीं हुए, लेकिन जब वे बीमार पड़े, तो उनके लक्षण बहुत हल्के थे और वे बहुत जल्दी ठीक हो गए.
ये भी पढ़ें- इन 9 लोगों के लिए वरदान से कम नहीं है गर्मियों में पुदीने का सेवन, जानें सेवन का सही तरीका
एनेस्थीसिया कैसे सुन्न कर देता है शरीर? क्यों लोग डरते हैं इससे, जानिए इससे जुड़े मिथ्स और फैक्ट्स...
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं